
रक्सौल। (VOR DESK)। आगामी चुनावों, भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा व्यवस्था एवं विकास कार्य तथा प्रस्तावित रक्सौल एयरपोर्ट के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की तथा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

रक्सौल स्थित 47वीं सशस्त्र सीमा बल (SSB) कैंप में आयोजित समीक्षा बैठक में एसएसबी के कमांडेंट, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) रक्सौल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रक्सौल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।जिले में पदस्थापना के बाद पहली बार रक्सौल पहुंचे जिलाधिकारी श्री यादव ने विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली और कई जरूरी निर्देश दिए।उन्होंने इंडो नेपाल बॉर्डर सहित क्षेत्र के भौगोलिक स्थिति का जायजा भी लिया।
रक्सौल एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा
बैठक के दौरान प्रस्तावित रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए आवश्यक अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की प्रगति, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सीमा सुरक्षा और नो-मैन्स लैंड अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से नो-मैन्स लैंड एवं सीमा से 0 से 15 किलोमीटर के दायरे में स्थित अतिक्रमणों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी और एसपी ने एसडीएम, एसडीपीओ एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र में मौजूद सभी अवैध अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर शीघ्र हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सिसवा पंचायत में नो-मैन्स लैंड स्थित मंदिर का किया निरीक्षण
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित रक्सौल एयरपोर्ट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने सिसवा पंचायत स्थित नो-मैन्स लैंड में बने मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सीमा क्षेत्र में स्थित संरचनाओं के निष्पादन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए।

सैनिक रोड के अतिक्रमण को भी हटाने का निर्देश
प्रशासनिक टीम ने रक्सौल के सैनिक रोड क्षेत्र में मौजूद अतिक्रमणों का भी संज्ञान लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिक रोड पर स्थित सभी अवैध अतिक्रमणों को अविलंब खाली कराते हुए सड़क एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को बाधामुक्त किया जाए।
आगामी चुनाव और सीमा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा
बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा भारत-नेपाल सीमा पर समन्वित सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा, विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
प्रशासन के इस संयुक्त निरीक्षण को रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना, सीमा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
