Friday, June 26

आज मोहर्रम पर रक्सौल प्रमंडल में दोपहर 2 बजे से छह घंटे बिजली रहेगी बंद

ताजिया जुलूस की सुरक्षा को लेकर विद्युत विभाग का फैसला, रात 8 बजे तक प्रभावित रहेगी आपूर्ति

रक्सौल, 26 जून।(Vor desk)
मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रक्सौल विद्युत प्रमंडल ने आज (26 जून) दोपहर 2:00 बजे से रात 8:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया है। सुरक्षा कारणों से इस अवधि में प्रमंडल के कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।

रक्सौल विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और विद्युत विभाग के समन्वय से यह निर्णय लिया गया है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि रक्सौल, रामगढ़वा, सुगौली, आदापुर, छौड़ादानो, बनकटवा और घोड़ासहन सहित प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आज दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

कार्यपालक अभियंता ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य समय रहते पूरा कर लें। विशेष रूप से पेयजल की व्यवस्था, मोबाइल फोन, इनवर्टर और अन्य आवश्यक उपकरणों की चार्जिंग दोपहर से पहले ही कर लेने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पूरी तरह जनसुरक्षा के मद्देनजर की गई है और निर्धारित समय के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!