Wednesday, June 24

रक्सौल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 339.36 किलो गांजा बरामद, कंटेनर चालक गिरफ्तार

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 339.36 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार नेपाल से बिहार के रास्ते गांजा की एक बड़ी खेप भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद हरैया थाना क्षेत्र में सीमा के समीप वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान कंटेनर संख्या BR01GN4353 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को चालक केबिन के बगल में बनाए गए एक गुप्त तहखाने पर संदेह हुआ। बारीकी से जांच करने पर तहखाने के भीतर छिपाकर रखे गए 22 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त गांजे का कुल वजन 339.36 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक मनोज भगत, निवासी मुजफ्फरपुर, को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजे की यह खेप नेपाल से बिहार लाई जा रही थी और इसे आगे छपरा भेजने की तैयारी थी।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कंटेनर एवं बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है तथा इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हाल के दिनों में यह पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीमा पार से संचालित अवैध नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!