
रक्सौल। (Vor desk)
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने संयुक्त रूप से जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता नगर थानाध्यक्ष रमेश महतो ने की।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूसों के लिए प्रशासनिक लाइसेंस अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस जुलूस निकालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूर्व से लाइसेंसधारी समितियों को आवश्यक कागजात एवं आवेदन समय पर थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया।
एसडीएम मनीष कुमार और एसडीपीओ मनीष आनंद ने कहा कि मुहर्रम भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति का पर्व है। सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि जुलूसों में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मुहर्रम मनाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
