
योग से स्वस्थ तन और तनावमुक्त मन का निर्माण संभव : अनुप्रिया मेवाड़ा
रक्सौल।(Vor desk)।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के रामजी चौक स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, अखिल भारतीय महिला मारवाड़ी सम्मेलन तथा श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक कृष्णा कुमार भरतिया एवं अनुप्रिया मेवाड़ा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

योग प्रशिक्षिका अनुप्रिया मेवाड़ा ने कहा कि “करेंगे योग तो रहेंगे निरोग” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव दूर होता है, शरीर स्वस्थ रहता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। योग हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है।
योग प्रशिक्षक कृष्णा कुमार भरतिया ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। नियमित योग करने से जीवन में संतुलन आता है और व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य के साथ जीवन का आनंद उठा सकता है।
योग शिविर में शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। इनमें सीताराम गोयल, हेमंत अग्रवाल, मनोज जालान, रवि केसान,वीणा गोयल, पूजा शर्मा, आशा केसान, राजू जैनलाल, गणेश अग्रवाल, रवि मस्करा तथा सोनू काबरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
योगाभ्यास के दौरान पूरे मंदिर परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
