Monday, June 22

एसएसबी ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस:भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवानों, परिवारजनों और नेपाल एपीएफ के सदस्यों ने किया सामूहिक योगाभ्यास!


रक्सौल।(Vor desk)।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं वाहिनी में रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 47वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय पाण्डेय के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय सहित सभी सीमा चौकियों पर किया गया।
इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवानों के अलावा नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के सदस्य, संदीक्षा सदस्याएं, बलकर्मियों के परिजन, बच्चे तथा सीमावर्ती गांवों, विशेषकर वाइब्रेंट विलेज के स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ती उम्र में सक्रिय, संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा योग के माध्यम से स्वास्थ्य, एकता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संदेश देना था। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। प्रसारण के बाद उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. निशिकांत, कमांडेंट (चिकित्सा), द्वितीय कमान अधिकारी संजय रावत, उप कमांडेंट अमोद तथा उप कमांडेंट रवि प्रताप वर्मा सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त और ऊर्जावान बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!