Monday, June 22

विश्व योग दिवस पर आईसीपी परिसर में गूंजी योग की ध्वनि, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

भारत विकास परिषद और भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर, “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” का दिया संदेश

रक्सौल।(Vor desk)।

विश्व योग दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा स्थित एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) परिसर रविवार की सुबह योग, प्राणायाम और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल एवं भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण, रक्सौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य योग शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आईसीपी प्रशासक कुमार राजीव रंजन, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट अम्बरीष चौबे, वरिष्ठ योग प्रशिक्षक चन्देश्वर प्रसाद साह, चिकित्सक डॉ. विजय कुमार, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

अतिथियों का पुष्पवर्षा और अंगवस्त्र से हुआ सम्मान

भारत विकास परिषद की ओर से सभी योग साधकों का गुलाब पुष्प देकर स्वागत किया गया। वहीं आईसीपी प्रशासक कुमार राजीव रंजन, असिस्टेंट कमांडेंट अम्बरीष चौबे, डॉ. विजय कुमार, शिक्षाविद डी.एन. कुशवाहा, अंतर्राष्ट्रीय जन सेवा संगठन की मीतू गुप्ता, काली सेना की राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी तथा माहेर ममता निवास के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

योग जीवन जीने की संपूर्ण कला : चन्देश्वर प्रसाद साह

योग प्रशिक्षक चन्देश्वर प्रसाद साह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने की संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने प्रतिभागियों को कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी सहित विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। पूरे सत्र के दौरान प्रतिभागियों में अनुशासन और उत्साह देखने को मिला।

तनावपूर्ण जीवन में योग सबसे सरल उपाय : कुमार राजीव रंजन

आईसीपी प्रशासक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वास्थ्य और आरोग्य का पर्याय बन चुका है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग व्यक्ति को निरोग, संतुलित और आनंदमय जीवन प्रदान करने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।उन्होंने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” को अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए नियमित योगाभ्यास पर बल दिया।

परिषद अध्यक्ष और योग प्रशिक्षक सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण की ओर से भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं योग प्रशिक्षक चन्देश्वर प्रसाद साह को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण, अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। इसके बाद परिषद एवं आईसीपी प्रबंधन द्वारा सभी प्रतिभागियों के बीच अल्पाहार और पेय पदार्थ वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार ने किया।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित

शिविर में भारत विकास परिषद के सचिव नरेश कुमार, संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया, पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह , सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ,कार्यक्रम संयोजक अरविंद जायसवाल, नीतेश कुमार सिंह, अजय कुमार, प्रशांत कुमार, विजय कुमार साह, सुरेश धानोठिया, योगेन्द्र प्रसाद, विनोद कुमार, संतोष कुमार, विनोद रौनियार, मनोज सिंह, दिनेश प्रसाद ,प्रतीक कुमार सहित टेक्सटाइल चैंबर ऑफ कॉमर्स, रक्सौल के महासचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव, रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राजकुमार रौनियार, लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष बिमल सर्राफ, गणेश अग्रवाल, वसंत जालान, सुशीला धानोठिया, सारिका जालान, युवा मंच के सुरेश कुमार, गुड्डू खेतान, अनिता गुप्ता, मीरा कुशवाहा, सुनीता मधुकर, अख्तर सैफी, श्याम बाबू सिंह, सुरभि सिंह, प्रिया रानी, प्रदीप कुमार दास, सुरेश चन्द्र वर्मा, प्रकाश कुमार, राहुल गुप्ता, संतोष कुमार, नारायण कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, भूमि पत्तन कर्मी, एसएसबी के जवान और नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!