Friday, June 19

रक्सौल में संदिग्ध परिस्थितियों में कर्मी की मौत, पुत्र ने दुकान संचालक समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया,पुलिस कर रही जांच


रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। शहर के चावल बाजार निवासी एक युवक ने अपने पिता की मौत को लेकर रक्सौल थाना में आवेदन देकर दुकान संचालक सहित छह नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार चावल बाजार वार्ड संख्या-21 निवासी उत्सव कुमार ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि उसके पिता सुजीत कुमार (47 वर्ष) रक्सौल बाजार स्थित एक टायर दुकान’न्यू बिहार टायर’में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि 18 जून2026 की रात दुकान परिसर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दुकान संचालक और अन्य लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।

•दुकान मालिक और स्टाफ पर मारपीट व हत्या का आरोप

लिखित शिकायत और दिए बयान में आरोप लगाया गया है कि 18 जून की रात करीब 10 बजे दुकान के संचालक असफाक आलम उर्फ मुन्ना (पिता- बच्चा आलम, साकिन- वार्ड नंबर-19, कौड़िहार चौक) ने अपने अन्य सहयोगियों सोनू आलम, मो. साहिल, कुन्दन सिंह, अजय कुमार, सुनील यादव और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर सुजीत कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की।

आवेदन में कहा गया है कि मारपीट के दौरान सुजीत कुमार को गंभीर अंदरूनी चोटें पहुंचीं, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।

आरोप है कि घटना के बाद संबंधित लोग उन्हें लक्ष्मीपुर स्थित एक बड़े अस्पताल के समीप छोड़कर वहां से चले गए। बाइक भी वहीं पड़ी थी।बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र ने अपने आवेदन में दुकान संचालक अशफाक आलम उर्फ मुन्ना सहित छह लोगों को नामजद करते हुए हत्या की साजिश रचने और मारपीट कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना से कुछ दिन पहले भी मृतक और दुकान प्रबंधन के बीच विवाद एवं मारपीट हुई थी।मृतक सुजीत फिलहाल ब्लॉक रोड में अपने परिवार के साथ रहते थे।
परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार के लिए सरकारी सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है।
इधर, मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने तक मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!