
रक्सौल (VoR desk)। रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की तीन दिवसीय समीक्षा बैठक गुरुवार को कई महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ संपन्न हो गई। बैठक में जहां बीते एक वर्ष के कार्यों और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, वहीं संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा दो पदाधिकारियों के दायित्व में बदलाव का फैसला भी सर्वसम्मति से लिया गया।
संगठन के विस्तार पर रहा विशेष जोर
कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों की बैठक में व्यापारिक हितों, संगठन के विस्तार और आने वाले दिनों की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
नई कार्यकारिणी को मिली जिम्मेदारी
संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से सात नए कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इनमें दिनेश कुमार अग्रवाल, रिची रोहन, प्रेमचंद कुमार, गणेश धानोठिया, जितेंद्र कुमार चौरसिया (जितन जी), रमेश पूजन और अमित कुमार शामिल हैं।
चैंबर पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और व्यापारिक समुदाय के हितों को मजबूती मिलेगी।
व्यावसायिक समागम के सफल आयोजन के लिए हुआ सम्मान
हाल ही में आयोजित व्यावसायिक समागम एवं सम्मान समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को चैंबर अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अध्यक्ष के नेतृत्व और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता की सराहना की।
दो पदाधिकारियों के दायित्व में बदलाव
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव तथा अंकेक्षक मोहम्मद निजामुद्दीन को उनके पदों से मुक्त कर साधारण कार्यकारिणी सदस्य के रूप में बनाए रखने का निर्णय लिया गया। यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ।
चैंबर के पदाधिकारियों ने इसे संगठनात्मक हित में लिया गया निर्णय बताते हुए कहा कि बदलती परिस्थितियों के अनुरूप संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
व्यापारिक हितों की रक्षा का दोहराया संकल्प
बैठक के समापन पर सदस्यों ने रक्सौल के व्यापारिक वातावरण को और बेहतर बनाने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। पदाधिकारियों ने कहा कि चैंबर भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
