Tuesday, June 9

रक्सौल: महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ राजद का धरना, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


रक्सौल।(Vor desk)।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रक्सौल प्रखंड इकाई ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन यादव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चले इस धरना-प्रदर्शन के बाद राजद नेताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी जय प्रकाश को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार को घेरते हुए महंगाई, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, गरीबी, शिक्षा, एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर आवाज बुलंद की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि मूल्य वृद्धि पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। पार्टी का कहना है कि बिहार गरीबी के मामले में देश के अन्य राज्यों के मुकाबले निचले पायदान पर है और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने से अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह चौपट हो चुकी है।
धरने को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय राजद नेता प्रमोद राय ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार का जनविरोधी रवैया नहीं बदला, तो इसके खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन यादव ने कहा कि आज आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार को इनके समाधान की कोई चिंता नहीं है। पार्टी ने इन जनहित की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए इन्हें ज्ञापन के जरिए राज्य सरकार तक पहुंचाने की मांग की है।
इस एक दिवसीय धरना और ज्ञापन सौंपने के दौरान राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन कुमार यादव, क्षेत्रीय राजद नेता प्रमोद राय, पूर्व मुखिया मदन प्रसाद सहित सुभाष प्रसाद यादव, अनिल कुमार (पान), मनोज पासवान, चंदेश्वर यादव, नासिर मियां, ओम कुमार गुप्ता और दिनेश राम सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!