Wednesday, June 3

ससुराल से लौटे युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी समेत चार लोग पुलिस हिरासत में; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा गांव में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, ससुर और साले को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सिसवा गांव निवासी स्वर्गीय भूलन पटेल के पुत्र अरविंद पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अरविंद बाहर रहकर पेंटिंग का कार्य करता था और कुछ दिनों पूर्व ही अपने घर लौटा था। परिजनों के अनुसार वह करीब पांच दिन पहले पश्चिमी चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल मेलवा सिरिसिया गांव गया था।

मंगलवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि अरविंद की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे एंबुलेंस से कहीं ले जाया जा रहा है। कुछ समय बाद उसे वापस सिसवा गांव लाया गया, जहां उसकी मौत की खबर सामने आई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की मां दुखनी देवी ने आरोप लगाया कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और ससुराल जाने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने आशंका जताई कि अरविंद को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

मामले की जांच कर रहे अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है तथा वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!