
रक्सौल, 27 मई 2026।(Vor desk) ।रक्सौल नगर परिषद में ‘सशक्त स्थायी समिति’ के तीन सदस्यों के लिए आज हुआ बहुप्रतीक्षित चुनाव भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गया। चुनावी नतीजों ने शहर की राजनीति में हलचल मचा दी है, जहाँ जीत का फैसला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा। जिला निर्वाची पदाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीएम मनीष कुमार की देखरेख में संपन्न हुई इस चुनावी प्रक्रिया में लाटरी पद्धति ने दो सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला किया।
अति संवेदनशील माने जा रहे इस चुनाव में पार्षदों के बीच जबरदस्त घमासान देखने को मिला। प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पहले परिणाम में रंजीत कुमार श्रीवास्तव को 12 मत और नीलाक्षी श्रीवास्तव को भी 12 मत मिले, जिसके बाद नियमानुसार लाटरी निकाली गई और इसमें रंजीत कुमार श्रीवास्तव( वार्ड 2)को विजयी घोषित किया गया। दूसरे मुकाबले में घनश्याम प्रसाद को 12 मत और वीरेंद्र प्रसाद को भी 12 मत प्राप्त हुए, जहाँ एक मत रद्द होने के बाद फिर से लाटरी का सहारा लिया गया, जिसमें वीरेंद्र प्रसाद(वार्ड3) ने जीत हासिल की।
तीसरे पद के लिए हुए मतदान में स्थिति थोड़ी स्पष्ट रही, जहाँ जितेंद्र कुमार दत्ता(वार्ड5) ने 14 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रवि कुमार को 10 मत मिले और एक मत रद्द पाया गया। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया की निगरानी रक्सौल एसडीएम मनीष कुमार ने की, जो इस चुनाव के लिए विशेष रूप से प्रवेक्षक के तौर पर तैनात थे।जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ जय प्रकाश कुमार,रामगढ़वा बीडीओ राकेश कुमार सिंह,आदापुर बीडीओ रणधीर कुमार एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।मतदान के लिए तीन अलग अलग बूथ बनाए गए थे और तीनों पर मतगणना को भी व्यवस्था थी।कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न चुनाव के बाद विजयी समिति सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान करने के साथ ही पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई ।तीनो सदस्यों के समर्थकों और वार्ड पार्षदों ने उत्साह दिखाते हुए उनका स्वागत किया और बधाई देने के साथ मिठाईया बाँटी।
इस चुनाव के संपन्न होने के साथ ही रक्सौल नगर परिषद में पिछले काफी समय से चल रहे नीतिगत गतिरोध के समाप्त होने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों और पार्षदों को अब आशा है कि नवनिर्वाचित स्थायी समिति के सदस्यों के साथ अब नगर परिषद में ठप पड़े विकास कार्यों, जैसे नाला निर्माण, साफ-सफाई और जलजमाव की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। भारी सुरक्षा घेरे और गहमागहमी के बीच संपन्न हुए इस चुनाव ने शहर के राजनीतिक समीकरणों को भी नई दिशा दे दी है।
