
तीन की हालत गम्भीर,काठमांडू रेफर
रक्सौल।(Vor desk)। वीरगंज काठमांडू सड़क खंड पर हुए वाहन दुर्घटना में भारतीय नागरिक सहित 11घायल हुए हैं।मिली जानकारी के मुताबिक,मकवानपुर जिले के इन्द्रसरोवर गांवपालिका–2 लाम बगर स्थित सिस्नेरी–दक्षिणकाली सड़क खंड पर सोमवार देर रात एक ईवी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 9 भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के अनुसार, काठमांडू से हेटौड़ा की ओर जा रही बा प्र 01–033 च 5258 नंबर की ईवी कार रात करीब 11:10 बजे अचानक ब्रेक फेल होने के बाद सड़क के दाहिने किनारे स्थित पहाड़ी दीवार से जा टकराई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी खानिखेत से पुलिस सहायक निरीक्षक मनोज कुमार यादव तथा पुलिस चौकी सिस्नेरी से पुलिस सहायक निरीक्षक रामवली साह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रेस्क्यू किया।
इवी कार में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। इनमें 9 भारतीय और 2 नेपाली नागरिक शामिल थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद काठमांडू भेजा गया।
दुर्घटना में बिहार के दरभंगा निवासी राम बिनय झा(60), निर्मला देवी( 70)और अनिता देवी (55)गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों के सिर में गंभीर चोट लगी है।
वहीं प्रझा देवी(56) के बाएं हाथ, रुद्रकुमारी झा(52 )के दाहिने पैर तथा छत्रधर चौधरी(74) के दोनों हाथों में चोट आई है। इनकी हालत मध्यम बताई गई है। इसके अलावा हम्रानाथ झा(67), अमरनाथ झा(66 )और अनिता झा( 42)को सामान्य चोटें आई हैं।
घायलों को तत्काल बी एण्ड बी अस्पताल भेजा गया था, लेकिन बाद में उन्हें अल्का अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है।
ईवी कार के चालक धनुषा जिले के लक्ष्मीनिया नगरपालिका–4 निवासी पिन्टु सिंह (30)को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं गाड़ी में सवार दूसरे नेपाली नागरिक असान साफी (22)मामूली रूप से घायल होने के बाद घर लौट गए।
