
वीरगंज।(Vor desk)। नेपाल के वीरगंज सीमा क्षेत्र से सशस्त्र पुलिस ने बिना स्रोत के 9 लाख नेपाली रुपये के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पर्सा के वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर 8, गहवा निवासी 44 वर्षीय अनिल कुमार साह के रूप में हुई है। सशस्त्र पुलिस ने वीरगंज-16 स्थित सीमा शुल्क कार्यालय के सामने सड़क पर उस समय कार्रवाई की जब साह भारत के रक्सौल से ना 2 प 9587 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नेपाल में प्रवेश कर रहे थे।
चेकजांच के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 1-1 हजार रुपये के 900 नेपाली नोट बरामद किए। पर्सा के सशस्त्र पुलिस उपाधीक्षक विकास अधिकारी के अनुसार, जब साह इस रकम का वैध स्रोत नहीं बता सके, तो उन्हें पैसे और मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया गया। पुलिस को आशंका है कि बरामद की गई यह राशि हुंडी कारोबार से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल, बरामद रकम और मोटरसाइकिल के साथ साह को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वीरगंज सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया है।
