रक्सौल नगर परिषद की बोर्ड बैठक में 1.92 अरब का बजट पेश, शहर के विकास और स्वच्छता पर बनी सहमति
रक्सौल।(Vor desk)।शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित नगर परिषद कार्यालय के प्रशासनिक भवन में शुक्रवार को सामान्य बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई वर्ष 2026 की इस दूसरी बोर्ड बैठक में शहर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता और आगामी वित्तीय वर्ष के रोडमैप पर गहन मंथन किया गया। बैठक का कुशल संचालन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया, जिसमें मुख्य रूप से चार प्रमुख एजेंडों पर चर्चा के साथ-साथ शहर की विभिन्न समस्याओं के निदान का संकल्प लिया गया।
बैठक की शुरुआत में पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से संपुष्ट किया गया। इसके उपरांत शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बोर्ड के सदस्यों को अवगत कराया गया कि नगर परिषद क्षेत्र को चकाचक बनाने क...









