Sunday, November 22

अयोध्या से जनकपुर तक सीधी रेल सेवा का रक्सौल में होगा ठहराव, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के टाइम टेबल में रक्सौल को शामिल किए जाने से सीमावर्ती क्षेत्र में हर्ष

23 नवंबर को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन अयोध्या से होगी रवाना, रात 11:10 बजे रक्सौल पहुंचेगी; भारत-नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

रक्सौल। भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। खास बात यह है कि प्रस्तावित रेल सेवा का रक्सौल स्टेशन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में खुशी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से रक्सौल की अंतरराष्ट्रीय रेल संपर्क के मानचित्र पर अहमियत और बढ़ेगी।

रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के बाद अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच 15595/15596 नंबर की साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की योजना है। इसके उद्घाटन के लिए 04295/04296 नंबर की विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। उद्घाटन स्पेशल 23 नवंबर (सोमवार) को दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम से रवाना होगी। मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, पनियहवा और नरकटियागंज होते हुए यह ट्रेन रात 11:10 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यहां पांच मिनट का ठहराव होगा और रात 11:15 बजे सीतामढ़ी के लिए रवाना हो जाएगी।

इसके बाद ट्रेन सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर कस्टम यार्ड होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को सुबह 10 बजे नेपाली समय से जनकपुर धाम पहुंचने का समय है।

वापसी में 24 नवंबर (मंगलवार) को जनकपुर धाम से दोपहर 1 बजे नेपाली समय से उद्घाटन स्पेशल रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो हॉल्ट और सीतामढ़ी होते हुए शाम 8:45 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद रात 8:50 बजे नरकटियागंज के लिए प्रस्थान करेगी।

पहले इस उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के टाइम टेबल शिड्यूल में रक्सौल स्टेशन शामिल नहीं था,हालाकि,21नवंबर को जारी नए टाइम टेबल में रक्सौल को भी शामिल कर लिया गया है। जिससे पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल और नेपाल के वीरगंज सहित परसा और बारा जिला के नागरिकों को भी सीधा फायदा होगा।

17 कोच की होगी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन

उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इसमें स्लीपर, एसी थ्री टियर, एसी थ्री टियर इकोनॉमी और एसी टू टियर श्रेणी के कोच शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में परिचालित होने वाली उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के स्लीपर श्रेणी का किराया 330 रुपये बताया गया है।उद्घाटन स्पेशल ट्रेन की बुकिंग खुलने के साथ ही लंबी वेटिंग लिस्ट बन गई है। इस ट्रेन में आरक्षित टिकट के आधार पर यात्रा की व्यवस्था होगी।

28 नवंबर से नियमित परिचालन की संभावना

प्रस्तावित नियमित साप्ताहिक सेवा करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन जयनगर, मधुबनी, दरभंगा क्षेत्र के शीशो हॉल्ट, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर और बस्ती होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। निर्धारित योजना के मुताबिक जनकपुर धाम से ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस ट्रेन परिचालन में कुल 12स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था है।ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर मनकापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर के पनियहवा, बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते के कुल 12 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव की लिस्ट के बीच में पांच-छह प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव की जानकारी स्पष्ट है, जबकि सभी स्टॉपेज की अंतिम जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।
नियमित व्यावसायिक परिचालन की शुरुआत 28 नवंबर से संभावित बताई जा रही है। हालांकि, इसकी अंतिम समय-सारिणी और परिचालन संबंधी विस्तृत अधिसूचना का इंतजार है।चर्चा है कि नियमित ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस होगी,लेकिन,इसकी घोषणा अंतिम तौर पर रेलवे द्वारा होना बाकी है।

रामायण सर्किट और सीमावर्ती पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क को केवल यातायात सुविधा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल के साझा धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है। जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है। दोनों स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रामायण सर्किट के पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह रेल सेवा जयनगर-कुर्था सीमा-पार ब्रॉडगेज रेल संपर्क का उपयोग करेगी। भारत सरकार के सहयोग से विकसित इस रेल लिंक के जरिए अब अयोध्या तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होने जा रहा है। ऐसे में रक्सौल में ट्रेन का ठहराव सीमावर्ती क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है। इससे यात्रियों को अयोध्या और जनकपुर की यात्रा में सुविधा मिलने के साथ दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!