Sunday, November 22

मैत्री पुल के पास महिला के बैग से निकली 2 किलो अफीम, एसएसबी-पुलिस ने दबोचा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 लाख रुपये आंकी गई कीमत, हरसिद्धि की रहने वाली महिला के पास से भारतीय और नेपाली करेंसी भी जब्त

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच एसएसबी और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक महिला को अफीम की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मैत्री पुल के समीप की गई, जहां जांच के दौरान महिला के कब्जे से 2 किलो 56 ग्राम अफीम बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान संयुक्त टीम की नजर एक संदिग्ध महिला पर पड़ी। रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से अफीम की खेप मिली। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। गिरफ्तार महिला की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी प्रमुख सहनी की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है।

तलाशी में अफीम के अतिरिक्त 400 रुपये भारतीय और 530 रुपये नेपाली मुद्रा भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है।

सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश

रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। जांच का मुख्य फोकस अफीम के स्रोत और उसकी डिलीवरी के ठिकाने का पता लगाना है। यह भी खंगाला जा रहा है कि इस कारोबार में सीमा पार से जुड़े कौन-कौन लोग शामिल हैं और महिला को खेप किसने सौंपी थी। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और उसके सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!