Sunday, November 22

17,800 फीट की ऊंचाई पर रक्सौल के उत्सव राज ने लहराया तिरंगा, हिमालय की चोटियों पर गूंजा देशप्रेम का जज्बा

सिक्किम की प्रसिद्ध गुरुडोंगमर झील तक पहुंचकर पेश की साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल, माता-पिता बोले—बेटा, यूं ही नई ऊंचाइयां छूते रहो

रक्सौल।(Vor desk)। हौसले बुलंद हों और दिल में देश के प्रति प्रेम का जज्बा हो तो मुश्किल से मुश्किल मंजिल भी आसान हो जाती है। इसी जुनून और साहस का परिचय देते हुए बिहार के रक्सौल निवासी उत्सव राज ने सिक्किम के उत्तरी हिस्से में समुद्र तल से करीब 17,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध गुरुडोंगमर झील पहुंचकर तिरंगा लहराया। बर्फ से ढकी हिमालय की विशाल चोटियों के बीच हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए उनकी तस्वीरें लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित गुरुडोंगमर झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां का वातावरण बेहद चुनौतीपूर्ण है। कड़ाके की ठंड, विरल वायु और ऑक्सीजन की कम उपलब्धता के बीच इतनी ऊंचाई तक पहुंचना अपने आप में साहस, शारीरिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है। ऐसे दुर्गम प्राकृतिक परिवेश में तिरंगे के साथ उत्सव की मौजूदगी ने उनकी यात्रा को खास बना दिया है।

उत्सव राज, माता ज्योति राज गुप्ता एवं पिता राजकुमार गुप्ता के छोटे पुत्र हैं। उनकी माता ज्योति राज गुप्ता कपड़ा बैंक की निदेशिका हैं। परिवार के अनुसार, उत्सव बचपन से ही पर्वतारोहण और एडवेंचर यात्राओं के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। नई जगहों की खोज, चुनौतीपूर्ण यात्राएं और प्रकृति के बीच रोमांचक अनुभव हासिल करने का उनका जुनून इस यात्रा में भी दिखाई दिया।

बेटे की उपलब्धि पर माता ज्योति राज गुप्ता भावुक और गौरवान्वित नजर आईं। उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई पर अपने बेटे को हाथों में तिरंगा लिए देखना उनके लिए गर्व और खुशी का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा, “बेटा, जिंदगी में यूं ही नई ऊंचाइयां छूते रहो, नए मुकाम हासिल करो और हमेशा अपने देश का नाम रोशन करो।”

वहीं, इंडो-नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं उत्सव के पिता राजकुमार गुप्ता ने कहा कि बेटे का यह साहसिक प्रयास पूरे परिवार के साथ रक्सौल के लिए भी गर्व का विषय है। कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का उसका जज्बा युवाओं को सकारात्मक संदेश देता है।

उत्सव की इस उपलब्धि पर भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मनी के केंद्रीय सदस्य राजेश केशरीवाल तथा अंबेडकर ज्ञान मंच के संस्थापक मुनेश राम ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिमालय की इतनी ऊंचाई पर तिरंगा लहराना केवल एक तस्वीर नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, साहस और आत्मविश्वास की सुंदर अभिव्यक्ति है। युवाओं में ऐसी सकारात्मक ऊर्जा और देश के प्रति गौरव की भावना समाज को प्रेरित करती है।

इसी क्रम में रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संरक्षक शिव पूजन प्रसाद और परियोजना पदाधिकारी रमेश कुमार ने भी उत्सव राज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्सव ने अपने साहस और जज्बे से रक्सौल का मान बढ़ाया है। हिमालय की चुनौतीपूर्ण ऊंचाइयों पर तिरंगे के साथ उनकी मौजूदगी प्रत्येक रक्सौलवासी के लिए गौरव का क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!