Sunday, November 22

रक्सौल-वीरगंज को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक हब बनाने की पहल हो, भारत-नेपाल के बीच परिवहन और व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर:माधव राजपाल

ग्रे चैनल से होने वाले अनौपचारिक कारोबार पर नियंत्रण, साझा टोल एवं वाहन बीमा व्यवस्था, बीआईएस मानक प्रयोगशाला और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की जरूरत; हल्दिया से रक्सौल तक छह लेन सड़क और कोलकाता-रक्सौल रेलखंड के दोहरीकरण का प्रस्ताव

रक्सौल, (Vor Desk)। भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए रक्सौल-वीरगंज सीमावर्ती गलियारे को आधुनिक परिवहन और औद्योगिक सुविधाओं से जोड़ने की जरूरत है।नेपाल के पीएम बालेन साह के भारत के राजकीय यात्रा से पूर्व संध्या नेपाल के वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के उपाध्यक्ष माधव राजपाल ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, आधारभूत संरचना विकसित करने और सीमा प्रबंधन को प्रभावी बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे हैं। उनका मानना है कि इन प्रस्तावों पर भारत और नेपाल की सरकारें गंभीरता से पहल करें तो सीमावर्ती क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

श्री राजपाल के सुझावों में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा ग्रे चैनल यानी अनौपचारिक माध्यमों से होने वाले व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण का है। उनका मानना है कि सीमा पार व्यापार को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए वैध व्यापारिक माध्यमों को प्रोत्साहित करना होगा। इससे सरकारी राजस्व की सुरक्षा के साथ कारोबारियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

भारत-नेपाल-भूटान के लिए साझा टोल और बीमा व्यवस्था

उन्होंने भारत, नेपाल और भूटान के बीच वाहनों के आवागमन को आसान बनाने के लिए टोल टैक्स और वाहन बीमा की एक समन्वित व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया। सीमा पार जाने वाले व्यावसायिक और निजी वाहनों को बार-बार अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरने की परेशानी कम हो तथा बीमा और सड़क उपयोग शुल्क से जुड़ी व्यवस्था अधिक सरल बने। इससे क्षेत्रीय परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।

बीआईएस रिपोर्ट और मानक प्रयोगशाला की जरूरत

औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए रक्सौल-वीरगंज क्षेत्र में बीआईएस (भारतीय मानक ब्यूरो) से संबंधित परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाओं और आधुनिक स्टैंडर्ड लैब की स्थापना का मुद्दा भी उठाया गया है। इससे आयात-निर्यात होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता जांच और मानकीकरण में सहूलियत मिल सकती है। कारोबारियों को उत्पादों की जांच के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।

वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों का हो विस्तार

रेल कनेक्टिविटी को लेकर राजपाल ने इस क्षेत्र में वंदे भारत, अमृत भारत और अन्य यात्री ट्रेनों के परिचालन एवं विस्तार की संभावनाओं पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई। उनका मानना है कि रक्सौल को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ने से यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटन गतिविधियों को लाभ होगा।

हल्दिया से रक्सौल तक छह लेन सड़क और रेल लाइन का दोहरीकरण

माल ढुलाई और व्यापारिक परिवहन को मजबूत करने के लिए हल्दिया से रक्सौल तक छह लेन सड़क संपर्क विकसित करने तथा कोलकाता से रक्सौल तक रेलखंड के दोहरीकरण का सुझाव भी महत्वपूर्ण है। इससे बंदरगाह से सीमावर्ती क्षेत्र तक माल की आवाजाही अधिक सुगम हो सकती है।

उन्होंने बंदरगाहों से माल लोडिंग के लिए सीधे रक्सौल की ओर रैक उपलब्ध कराने और मालगाड़ियों की परिचालन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। इससे आयात-निर्यात कारोबार में समय और परिवहन लागत कम करने में मदद मिल सकती है।

अवैध प्रवास और सीमा प्रबंधन पर भी ध्यान

राजपाल ने अवैध प्रवासियों के मुद्दे को भी भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल करने की जरूरत बताई। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच पारंपरिक खुली सीमा और लोगों के आवागमन की सुविधा को बनाए रखते हुए अवैध गतिविधियों तथा संदिग्ध आवाजाही पर प्रभावी निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए।

कुल मिलाकर, माधव राजपाल के सुझावों में सीमा व्यापार को औपचारिक और पारदर्शी बनाने से लेकर सड़क, रेल, बंदरगाह, गुणवत्ता परीक्षण, वाहन बीमा और सुरक्षा व्यवस्था तक कई मुद्दे शामिल हैं। इन पर भारत और नेपाल के बीच संस्थागत स्तर पर बातचीत और ठोस पहल होती है तो रक्सौल-वीरगंज गलियारा दोनों देशों के व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!