Sunday, November 22

अयोध्या-जनकपुर ट्रेन ‘सरयू कमला एक्सप्रेस’में नहीं मिलेगी तत्काल और वेटिंग टिकट की सुविधा, कंफर्म पर ही कर पाएंगे यात्रा

जनकपुर से अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन पूरी तरह रिजर्व एक्सप्रेस सेवा होगी। इसमें यात्री केवल कंफर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस की तरह आरएसी और वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।

अयोध्या/रक्सौल।(Vor desk)। जनकपुर से अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस रखा गया है।यह नाम दो नदियों के नाम पर रखा गया है। रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन और टिकट बुकिंग को लेकर गाइडलाइन भी जारी कर दी है। यह पूरी तरह रिजर्व एक्सप्रेस सेवा होगी। इसमें यात्री केवल कंफर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस की तरह आरएसी और वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।

सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन का मूल किराया भारतीय रेल में लागू दरों के अनुसार होगा। इसके अलावा आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और लागू जीएसटी देना होगा। यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक करा सकेंगे। टिकट प्राप्त करने के लिए पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के अंतिम चार अंक टिकट पर दर्ज किए जाएंगे। कुल सीटों में 70 प्रतिशत कोटा पूरी दूरी की यात्रा के लिए और 30 प्रतिशत कोटा मध्यवर्ती स्टेशनों से बुकिंग के लिए निर्धारित किया गया है।

तत्काल सुविधा की सुविधा नहीं
इस ट्रेन में तत्काल, प्रीमियम तत्काल, वरिष्ठ नागरिक रियायत, महिला और वीआईपी कोटा की सुविधा नहीं होगी। रेलवे पास, मानार्थ पास, विधायक कूपन और मिलिट्री वारंट भी मान्य नहीं होंगे। टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी नहीं किया जाएगा। बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा भी नहीं मिलेगी। भारत और नेपाल के नागरिक पहचान पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। सफर के दौरान टिकट के साथ पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।

अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए वीकली ट्रेन को मंजूरी, इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी

सरयू और कमला के नाम से जुड़ा राम-सीता का रिश्ता
ट्रेन के नाम में भी दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते का संदेश छिपा है। सरयू अयोध्या की पहचान है। इसी नदी के किनारे भगवान राम की नगरी बसी है। कमला नदी को जनकपुर-मिथिला की जीवनरेखा माना जाता है। यह मां सीता की जन्मभूमि से जुड़ी है। इस तरह सरयू कमला एक्सप्रेस का नाम राम-सीता और अयोध्या-जनकपुर के पुराने सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।व्हिप के संरक्षक सेवक संजय नाथ ने कहा कि सरयू कमला एक्सप्रेस को लेकर उत्साह है। अयोध्या, जनकपुर का धार्मिक-सांस्कृतिक संबंध पुराना है। दो देशों के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए इससे बेहतर नाम नहीं हो सकता था।

कब और कहां रुकेगी ट्रेन

ट्रेन नंबर 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह रात 10:13 बजे गोरखपुर, रात 12:40 बजे पनियहवा और रात 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। सीतामढ़ी में सुबह 4:42 बजे पहुंचने के बाद ट्रेन जयनगर के लिए रवाना होगी। जयनगर पहुंचने का समय भारतीय समय के अनुसार सुबह 8:30 बजे और नेपाल समय के अनुसार 8:45 बजे निर्धारित है। यहां भारतीय समय के अनुसार सुबह 10:30 बजे और नेपाल समय के अनुसार 10:45 बजे ट्रेन रवाना होगी। मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। सीमा पार दोनों देशों के समय में अंतर के कारण समय-सारिणी में इसका विशेष ध्यान रखा गया है।

रक्सौल स्टेशन पर स्टॉपेज पर बरकरार है संशय,घोषणा की प्रतीक्षा

अयोध्या धाम स्टेशन अधीक्षक एसएम मिश्रा ने बताया कि ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर मनकापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर के पनियहवा, बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते में कुल 12 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव की व्यवस्था होगी। हालांकि, अयोध्या धाम स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि बीच में पांच-छह प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव की जानकारी स्पष्ट है, जबकि सभी स्टॉपेज की अंतिम जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!