
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को दी हरी झंडी, जयनगर-सीतामढ़ी-रक्सौल-नरकटियागंज-गोरखपुर होकर तय करेगी सफर; भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई रेल कड़ी
रक्सौल, (Vor Desk)।
माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम और भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के बीच अब सीधी रेल कनेक्टिविटी का रास्ता खुल गया है। भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को नई मजबूती देने वाली जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट साप्ताहिक एक्सप्रेस के परिचालन को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। ट्रेन संख्या 15595/15596 जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से नेपाल के मिथिला क्षेत्र और बिहार के सीमावर्ती जिलों के श्रद्धालुओं को अयोध्या की यात्रा के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने 17 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर संख्या CC-279/2026 के माध्यम से इस संबंध में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे को आदेश जारी किया है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच ट्रेन परिचालन को लेकर हुई बैठक के निर्णयों के आधार पर इस सेवा को स्वीकृति दी गई है।
शनिवार को जनकपुर से, सोमवार को अयोध्या से चलेगी ट्रेन
स्वीकृत कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को नेपाल के जनकपुर धाम से दोपहर 1:10 बजे (नेपाल समय) रवाना होगी। जयनगर पहुंचने के बाद मधुबनी और सीतामढ़ी होते हुए नरकटियागंज पहुंचेगी। यहां लोकोमोटिव यानी इंजन एवं पावर परिवर्तन की व्यवस्था होगी। इसके बाद पनियहवा और गोरखपुर के रास्ते अगले दिन रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। गोरखपुर, नरकटियागंज, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे (नेपाल समय) जनकपुर धाम पहुंचेगी।
रक्सौल सहित बिहार के कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे बोर्ड के सर्कुलर में इस ट्रेन के वाणिज्यिक ठहराव की सूची में जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम को शामिल किया गया है। रक्सौल के लिए यह विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भारत-नेपाल सीमा के इस प्रमुख व्यापारिक और यातायात केंद्र को जनकपुर धाम तथा अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों से रेल संपर्क मिलेगा।हालाकि, रक्सौल में ठहराव के समय की घोषणा नहीं हुई है,जिससे फिलहाल असमंजस की स्थिति है।रेल सूत्रों का कहना है कि अभी कुछ बदलाव भी हो सकते है।
इस बीच बताया गया है कि ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में किया जाएगा, जबकि नरकटियागंज और गोरखपुर में वाटरिंग की व्यवस्था होगी। नरकटियागंज में लोको एवं पावर परिवर्तन भी प्रस्तावित है।
प्रमुख स्टेशनों की समय-सारणी
| स्टेशन | 15595 जनकपुर-अयोध्या | 15596 अयोध्या-जनकपुर |
|---|---|---|
| जनकपुर धाम | शनिवार 13:10 प्रस्थान (नेपाल समय) | मंगलवार 12:40 आगमन (नेपाल समय) |
| जयनगर | 14:10/15:10 | 08:30/10:30 |
| सीतामढ़ी | 19:00/19:05 | 04:42/04:47 |
| नरकटियागंज | 22:50/23:20 | 01:50/02:20 |
| पनियहवा | बिना ठहराव, लगभग 02:00 बजे | बिना ठहराव, लगभग 00:40 बजे |
| गोरखपुर | 03:55/04:05 | 22:13/22:23 |
| अयोध्या कैंट | रविवार 08:10 आगमन | सोमवार 17:50 प्रस्थान |
जयनगर से अयोध्या तक समय भारतीय समयानुसार है। जनकपुर धाम का समय नेपाल समयानुसार है।
धार्मिक पर्यटन के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ
यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक शहरों को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं, बल्कि भारत-नेपाल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मभूमि और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के रूप में विशेष धार्मिक पहचान प्राप्त है। दोनों स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा नेपाल के जनकपुर क्षेत्र, बिहार के मधुबनी, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बस्ती और गोंडा क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। विशेषकर रक्सौल और आसपास के सीमावर्ती इलाकों के श्रद्धालुओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी साबित हो सकती है।
मंजूरी मिली, परिचालन की तारीख का इंतजार
रेलवे बोर्ड के आदेश में ट्रेन को किसी सुविधाजनक निकटवर्ती तारीख से शुरू करने की अनुमति दी गई है। जरूरत पड़ने पर उद्घाटन सेवा पहले स्पेशल ट्रेन के रूप में भी चलाई जा सकती है, जिसे बाद में नियमित साप्ताहिक परिचालन से जोड़ दिया जाएगा। हालांकि नियमित परिचालन की निश्चित तारीख, किराया और टिकट बुकिंग की विस्तृत जानकारी अभी घोषित नहीं हुई है।
सूत्रों का कहना है कि उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र साह संयुक्त रूप से हैदाराबाद हाउस से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए हरि झंडी दिखा कर शुभारम्भ करेंगे।हालाकि,रेलवे ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
रेलवे बोर्ड की इस मंजूरी के बाद अब यात्रियों की निगाहें ट्रेन के वास्तविक परिचालन और ठहराव संबंधी विस्तृत समय-सारणी पर टिकी हैं।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
