Wednesday, November 18

इंजेक्शन लगाने के पांच मिनट बाद 18 दिन के नवजात की मौत, नेशनल मेडिकल कॉलेज में हंगामा

चार साल के इंतजार के बाद मां बनी नमिता की सूनी हुई गोद, परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का लगाया आरोप; सीसीटीवी फुटेज और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े परिजन

रक्सौल, (Vor Desk)।

नेपाल के वीरगंज स्थित नेशनल मेडिकल कॉलेज में 18 दिन के नवजात शिशु की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। इलाज में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के मुख्य द्वार का घेराव कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजन घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग पर अड़े हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बारा जिले के कलैया उपमहानगरपालिका-22 निवासी संदीप साह के नवजात बेटे को पीलिया की शिकायत के बाद गत शनिवार को नेशनल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हालत में सुधार होने और डिस्चार्ज किए जाने की बात कही जा रही थी। इसी बीच एक स्टाफ नर्स ने उसे इंजेक्शन लगाया और करीब पांच मिनट बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक के दादा के रिश्तेदार नरेश साह ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बच्चे की हालत में सुधार था तो इंजेक्शन लगाने के कुछ ही मिनट बाद उसकी मौत कैसे हो गई? उन्होंने संबंधित समय का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने और उपचार से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की।

वहीं, नवजात की मां नमिता साह का दर्द प्रदर्शन के बीच सामने आया। उन्होंने बताया कि चार साल के लंबे इंतजार के बाद उन्हें पहली बार मां बनने का सुख मिला था, लेकिन महज 18 दिन में ही उनका बच्चा दुनिया से चला गया। उन्होंने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

घटना के बाद परिजनों ने नवजात का शव अस्पताल से नहीं लिया है। उनका कहना है कि जब तक सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने और घटना की निष्पक्ष जांच को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल नवजात की मौत को लेकर परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!