
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने किया सघन निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश; नेपाली स्टेशन की लीज का भी लिया संज्ञान
रक्सौल।(Vor desk)।
भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख रेल केंद्र रक्सौल जंक्शन के कायाकल्प की दिशा में रेलवे ने समयसीमा तय कर दी है। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) डिंपी गर्ग ने बुधवार को वरीय अधिकारियों की टीम के साथ स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। जीएम ने बताया कि अगले एक वर्ष में रक्सौल जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जीएम विशेष निरीक्षण यान से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा और दर्जनों रेल अधिकारियों के साथ रक्सौल पहुंचे थे। निरीक्षण की शुरुआत छठ महापर्व के मद्देनजर यात्रियों के लिए बनाए गए विशेष पंडाल और सुविधाओं के जायजे से हुई। उन्होंने पेयजल, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था और यात्रियों की आवाजाही की जानकारी ली। पर्व के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर, होल्डिंग एरिया, पेयजल, कम्बल, बैठने की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जीएम ने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने नक्शा का अवलोकन किया और इस पर गहन चर्चा की।फूड प्लाजा को तोड़ने का निर्देश भी दिया।संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक वर्ष के भीतर पुनर्विकास कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।कहा कि 2027में रक्सौल स्टेशन नए लुक में होगा ।
निरीक्षण के दौरान जीएम ने रक्सौल स्थित नेपाली स्टेशन का भी जायजा लिया। इस संबंध में उन्होंने डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से नेपाली स्टेशन की लीज से जुड़े विस्तृत ब्योरे की जानकारी लेने की बात कही।कहा कि यदि लीज अवधि खत्म हो गया हो,तो इसे टेक ओवर किया जाए।सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित रक्सौल जंक्शन भारत-नेपाल के बीच यात्री आवागमन और व्यापारिक संपर्क का महत्वपूर्ण केंद्र है। रक्सौल काठमांडू रेल लाइन प्रोजेक्ट पाइप लाइन में है।वंदे भारत ट्रेन परिचालन की चर्चा भी चल रही है।ऐसे में स्टेशन का आधुनिकीकरण क्षेत्र की परिवहन और कनेक्टिविटी व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एरिया ऑफिसर सौरभ कुमार झा, सीनियर डीईएम संजय कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट राजेश सिंह, स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार चौधरी और टीआई धीरेंद्र कुमार सहित कई रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
