
आदापुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस की छापेमारी, घर से 1.070 किलो चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद; मारपीट का बदला लेने की फिराक में था आरोपित
रक्सौल, (Vor Desk)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने आदापुर रेलवे स्टेशन के समीप छापेमारी कर चाय दुकान से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, उसकी निशानदेही पर घर में छापेमारी के दौरान 1.070 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आदापुर रेलवे स्टेशन के समीप एक व्यक्ति अवैध हथियार और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल मनीष आनंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और विपुल गिरि उर्फ संजय गिरि को गिरफ्तार कर लिया। वह हरपुर थाना क्षेत्र के बेलवा गिरि टोला का निवासी है।
पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 1.070 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपित कुछ दिन पहले हुई मारपीट की एक घटना का बदला लेने की फिराक में था। इसी मंशा से वह हथियार और कारतूस लेकर निकला था।पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि तीन दिन पहले कुछ लड़कों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी का बदला लेने के उद्देश्य से वह आदापुर स्टेशन के समीप हथियार लेकर उन लड़कों का इंतजार कर रहा था। उसने पुलिस को बताया कि यदि वे लोग स्टेशन के पास नहीं आते तो वह उनके घर जाकर उनकी हत्या कर देता।
हालांकि, इस पहलू पर पुलिस की जांच जारी है।
मिर्जापुर गोलीबारी में संलिप्तता
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है।उसने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल होने के साथ उत्तर प्रदेश के कई संगठनों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने की बात भी कही है,जिसके बाद पुलिस इसकी तफ्तीश में जुट गई है।।
मामले में हरपुर थाना कांड संख्या 129/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने इस आशय की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जांच जारी है।
कार्रवाई के दौरान हरपुर पुलिस टीम के साथ आदापुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, हथियार की उपलब्धता और आरोपित के संभावित आपराधिक संपर्कों की जांच में जुटी है।
