Thursday, November 19

बालेन की भारत यात्रा से पहले वीरगंज में आर्थिक मंथन, सीमा व्यापार सुगम बनाने पर जोर

रक्सौल।(Vor desk)।नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले वीरगंज में ‘भारत-नेपाल आर्थिक सहयोग मंच 2026’ का आयोजन हुआ। इसमें दोनों देशों के उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सीमा पार व्यापार की बाधाओं, कनेक्टिविटी, निर्यात, निवेश और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की। व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी का रोडमैप तैयार करने के लिए भारत सरकार से अपेक्षित सहयोग पर भी सुझाव दिए गए।

नेपाल युवा उद्यमी मंच वीरगंज चैप्टर और भारत के पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के इंडिया-नेपाल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भारतीय महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच व्यापार और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में जनस्तरीय संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ऐसे संवाद कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया।

पीएचडीसीसीआई इंडिया-नेपाल सेंटर के वरिष्ठ सचिव अतुल के. ठाकुर ने आर्थिक सुधार और सुशासन के जरिए नेपाली अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सभी व्यवसायियों को समान प्रतिस्पर्धा का अवसर देने की जरूरत बताई। सीमा जागरण मंच के बिहार स्टेट कोऑर्डिनेटर महेश अग्रवाल ने बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा को सकारात्मक और आशाजनक बताया।उन्होंने जोर दे कर कहा कि बोर्डर पर सुरक्षा जांच को आसान बनाना चाहिए,ताकि,लंबी कतार और घंटों जाम की परेशानी न बने।बॉर्डर को पीपुल्स फ्रेंडली बनाना चाहिए।

नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष अशोक टेमानी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन और भारत-नेपाल सहयोग को आवश्यक बताया। वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल ने नेपाली निर्यात में गैर-शुल्क बाधाओं और सीमा पार अवैध आवागमन का मुद्दा उठाया। नेपाल औषधि उत्पादक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभात रुंगटा ने चीनी निर्यात पर प्रतिबंध जैसे नीतिगत फैसलों के नेपाली औषधि उद्योग पर संभावित असर और दोनों देशों के एच एस कोड में एकरूपता की जरूरत बताई।

नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष गणेश लाठ ने कनेक्टिविटी, उत्पादकता और आपसी विश्वास को आर्थिक संबंधों का आधार बताया।

एन वाई ई एफ वीरगंज चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष अनुप अग्रवाल ने नेपाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए भारतीय प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया।

खुले विचार-विमर्श में उद्योग, बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स और आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक समस्याओं के समाधान, डिजिटल प्रणाली और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर जोर दिया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के वाणिज्य प्रतिनिधि मनीष दुधपुरी ने व्यवसायियों के सवालों का जवाब देते हुए सीमा व्यापार को सुगम बनाने के लिए लागू नए प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एन वाई ई एफ वीरगंज चैप्टर के अध्यक्ष चंदन सिंह ने स्वागत भाषण दिया और संचालन सदस्य मोहित अग्रवाल ने किया। प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान नए हवाई मार्ग, जनकपुर-अयोध्या सीधी रेल सेवा तथा भोटेकोशी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में भारतीय सहयोग जैसे मुद्दों पर भी उम्मीदें टिकी हैं। आयोजकों के अनुसार, मंच से मिले सुझाव भारत-नेपाल के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के साथ वीरगंज-रक्सौल व्यापारिक गलियारे को नई गति देने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!