Tuesday, November 17

दस गज की सरहद पर आस्था का संगम, सरिसवा के तट पर एक साथ झुके भारत-नेपाल के शीश

मैत्री पुल के नीचे कस्टम घाट पर हजारों व्रतियों ने दिया अर्घ्य, चचरी पुल बना दो देशों के श्रद्धालुओं के मिलन का सेतु; प्रदूषण के बीच भी साझा संस्कृति और सद्भाव की दिखी अनुपम तस्वीर

रक्सौल, (Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर छठ के महापर्व ने भौगोलिक सरहदों को पीछे छोड़ दिया। सरिसवा नदी के दोनों तटों पर जब हजारों हाथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए उठे तो दस गज की सीमा रेखा भी छोटी पड़ गई। एक ओर भारत के रक्सौल तो दूसरी ओर नेपाल के बीरगंज के श्रद्धालु, लेकिन आस्था एक और आराध्य एक। छठ के गीतों और सूर्योपासना के बीच दोनों देशों की साझा संस्कृति, परंपरा और सामाजिक रिश्तों की जीवंत तस्वीर उभरकर सामने आई।

इस साझा आयोजन का सबसे बड़ा केंद्र रक्सौल-बीरगंज को जोड़ने वाले मैत्री पुल के नीचे स्थित कस्टम छठ घाट रहा। भारतीय कस्टम चेकपोस्ट से सटे घाट और नेपाल के बीरगंज महानगरपालिका के वार्ड-19 नगवा स्थित नेपाली कस्टम क्षेत्र में बड़ी संख्या में व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

दोनों पूजा स्थलों के बीच बना अस्थायी चचरी पुल श्रद्धालुओं के लिए केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि दो देशों के लोगों के बीच मेल-मिलाप और आत्मीयता का प्रतीक बन गया।

मैत्री पुल को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। सरहद के दोनों ओर छठ की तैयारियों में स्थानीय लोगों की सहभागिता दिखी। पनटोका, सिसवा, भेलाही, नोनियाडीह सहित सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में भी छठ की रौनक रही। शहर के तुमड़िया टोला स्थित भकुवा ब्रह्मस्थान घाट पर भी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा की।

घाटों पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था भी मुस्तैद रही। एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा ने घाटों पर पहुंचकर व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भारतीय क्षेत्र में एसएसबी और कस्टम विभाग तथा नेपाली क्षेत्र में नेपाल आर्म्ड पुलिस और नेपाल पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालते दिखे। वार्ड-6 के पार्षद घनश्याम प्रसाद और वार्ड-5 के पार्षद जितेंद्र दत्ता ने कहा कि दोनों देशों के लोग वर्षों से इन घाटों पर मिलकर छठ मनाते आ रहे हैं। यह परंपरा सीमावर्ती क्षेत्र के आपसी संबंधों को मजबूती देती है।स्वच्छ रक्सौल संस्था के अध्यक्ष रंजीत सिंह कहते है कि सीमा का यह साझा छठ पूजा पूरी दुनियां में अनूठा और उदाहरणीय है।

हालांकि, साझा आस्था के इस उत्सव के बीच सरिसवा नदी की प्रदूषित स्थिति भी एक बार फिर सवाल छोड़ गई। नदी की सफाई के दावों के बावजूद पानी पूरी तरह स्वच्छ नहीं हो सका।

सुबह अर्घ्य के समय स्थिति में कुछ राहत जरूर दिखी, लेकिन नदी की बदहाली ने श्रद्धालुओं की चिंता को बरकरार रखा। इसके बावजूद सरिसवा का तट भारत-नेपाल की साझी आस्था का साक्षी बना रहा। छठ ने एक बार फिर संदेश दिया कि राजनीतिक सीमाएं देशों को अलग कर सकती हैं, लेकिन लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के रिश्तों को बांटना आसान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!