
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रतियों ने किया पारण, आश्रम रोड घाट पर रेलवे ट्रैक की विशेष निगरानी; कस्टम घाट पर दिखी भारत-नेपाल की साझा संस्कृति, सरिसवा नदी का प्रदूषण बना चिंता का विषय
रक्सौल, (Vor Desk)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व कार्तिकी छठ सोमवार को रक्सौल में हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सोमवार की अहले सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त किया और अन्न-जल ग्रहण कर पारण किया। इस दौरान घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया और सुहागिन महिलाओं को सिंदूर लगाकर उनके अखंड सौभाग्य की कामना की।
शहर के सबसे प्राचीन आश्रम रोड छठिया घाट सहित कस्टम चेकपोस्ट घाट, तुमड़िया टोला स्थित भकुआ ब्रह्म बाबा घाट, हनुमान मंदिर छठ घाट, कोइरिया टोला के त्रिलोकी नगर घाट, कौड़ीहार चौक छठ घाट, सभ्यता नगर घाट, नागा रोड स्थित बाबा मठिया घाट और रक्सौल थाना परिसर स्थित सूर्य मंदिर घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। अहले सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था।

प्रशासन रहा मुस्तैद, एसडीओ-डीएसपी ने किया निरीक्षण
छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न घाटों पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवान तैनात रहे। एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा, डीएसपी मनीष आनंद और थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

अधिकारियों ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

आश्रम रोड घाट पर रेलवे ट्रैक की विशेष निगरानी
शहर के सबसे बड़े और संवेदनशील आश्रम रोड छठिया घाट पर प्रशासन का विशेष निगरानी केंद्र बनाया गया था। घाट के समीप से रेलवे लाइन गुजरने और ट्रैक के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने के कारण विशेष सतर्कता बरती गई। किसी भी तरह की ट्रेन दुर्घटना या अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन, आरपीएफ और एसएसबी के जवान लगातार रेलवे ट्रैक की निगरानी करते रहे। आश्रम रोड छठिया घाट पूजा समिति की ओर से भी समय-समय पर माइकिंग कर श्रद्धालुओं को रेलवे ट्रैक से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की जाती रही।
पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत बच्चों को पिलाई गई खुराक
छठ पर्व के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय रही। पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने विभिन्न घाटों पर शून्य से पांच वर्ष तक के हजारों बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इसके लिए मेडिकल टीम की भी तैनाती की गई थी।

प्रदूषित नदी के कारण घरों की छतों पर भी हुआ छठ
सरिसवा नदी के प्रदूषित पानी और कई घाटों से घरों की दूरी अधिक होने के कारण शहर के कुछ श्रद्धालुओं ने घरों की छतों और दरवाजों पर ही कृत्रिम पोखर बनाकर छठ पूजा की।

छठी मइया की प्रतिमा स्थापित कर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। श्रद्धालुओं ने घर पर ही घाट का स्वरूप तैयार कर पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ महापर्व मनाया।

सूर्य मंदिर घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रक्सौल थाना परिसर स्थित तालाब में बने सूर्य मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। इस बार भी बड़ी संख्या में व्रतियों ने यहां छठ पूजा की। घाट पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।

कौड़ीहार चौक घाट बना आकर्षण का केंद्र
नगर पार्षद सोनू गुप्ता की पहल पर कौड़ीहार चौक पर विकसित छठ घाट इस बार आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। घाट की आकर्षक सजावट और पंचघाट के स्वरूप में की गई व्यवस्था को लोगों ने खूब सराहा। नगर के दोनों ओर सजावट ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। वार्ड 19 और 18 के पार्षदों ने घाट को आदर्श स्वरूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किया। इस कारण कौड़ीहार चौक घाट पर्व के दौरान विशेष चर्चा में रहा।


कस्टम घाट पर दिखी भारत-नेपाल की साझा संस्कृति
रक्सौल-बीरगंज को जोड़ने वाले मैत्री पुल के नीचे स्थित कस्टम घाट पर भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं ने मिल-जुलकर छठ महापर्व मनाया। सरिसवा नदी के दोनों तटों पर छठ पूजा का विहंगम दृश्य देखने को मिला। वर्षों से रक्सौल और सीमा पार बीरगंज के इनरवा क्षेत्र के नागरिक यहां सामूहिक रूप से छठ मनाते आ रहे हैं। सीमा की भौगोलिक दूरी के बावजूद साझा आस्था, संस्कृति और परंपरा का यह दृश्य भारत-नेपाल की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश देता रहा।

सरिसवा नदी का प्रदूषण बना रहा बड़ी समस्या
तमाम दावों और प्रयासों के बावजूद नेपाल से रक्सौल में प्रवेश करने वाली सरिसवा नदी का पानी पूरी तरह स्वच्छ नहीं हो सका। हालांकि, सोमवार की सुबह अर्घ्य के समय पानी की स्थिति में कुछ राहत दिखाई दी, लेकिन प्रदूषण की समस्या बरकरार रही। गंदे पानी के बीच व्रतियों को अर्घ्य देने की स्थिति को लेकर नेपाल सरकार के साथ-साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठे। नदी की सफाई को लेकर किए गए दावों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकलने से लोगों में नाराजगी दिखी।इसके साथ ही नगर परिषद की ओर से इंतजाम की कमी भी आलोचना का केंद्र रही।
