Tuesday, November 17

साझा संस्कृति के पर्व में सराबोर वीरगंज, सभामुख और कांग्रेस सभापति ने की छठ पूजा; नेपाली सेना ने दी सूर्यदेव को सलामी

घड़ीअर्वा पोखरी में उमड़े करीब तीन लाख श्रद्धालु, गगन थापा पत्नी के साथ पहुंचे घाट; सांसद सुशील साह कानु की सातवीं दंडवत यात्रा और 17 साल बाद शुरू हुआ डांसिंग फाउंटेन रहा आकर्षण

रक्सौल, (Vor Desk)। भारत-नेपाल की साझा संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक छठ महापर्व नेपाल के वीरगंज में भी भव्यता के साथ मनाया गया। काठमांडू से तराई तक छठ की छटा के बीच नेपाल की राजनीति के प्रमुख चेहरे भी लोक आस्था के इस पर्व में शामिल हुए। वीरगंज के ऐतिहासिक घड़ीअर्वा पोखरी में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। यहां नेपाल की प्रतिनिधिसभा के सभामुख डोलप्रसाद (डीपी) अर्याल और नेपाली कांग्रेस के सभापति गगन थापा ने पहुंचकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की। गगन थापा पत्नी अंजना केसी के साथ सोमवार सुबह घाट पहुंचे और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया।

सभामुख डीपी अर्याल ने रविवार को घड़ीअर्वा और नगवा पोखरी के छठ घाटों का दौरा कर व्रतियों से मुलाकात की। सोमवार सुबह उन्होंने वीरगंज के रानीघाट छठ घाट का अवलोकन किया। इसके बाद बारा जिले के कलैया स्थित रामजानकी छठ घाट और गढ़ीमाई मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।

नेपाली सेना की सलामी ने बढ़ाया पर्व का गौरव

घड़ीअर्वा पोखरी में छठ का विशेष आकर्षण नेपाली सेना की सलामी रही। श्रीपुर स्थित श्रीजंग गण के प्रमुख सेनानी लोकेन्द्र कार्की के नेतृत्व में सैन्य बैंड, परेड और मार्चपास्ट के साथ जवानों ने सूर्य मंदिर परिसर में सूर्यदेव और छठी मइया को सलामी दी। सेना के अनुसार छठ पूजा व्यवस्थापन समिति के आग्रह पर यह आयोजन किया गया। यह परंपरा पिछले वर्ष शुरू हुई थी।

सांसद की दंडवत यात्रा, 17 साल बाद लौटा फाउंटेन

पर्सा क्षेत्र संख्या-2 के सांसद सुशील साह कानु ने अपने आवास से घड़ीअर्वा घाट तक दंडवत यात्रा कर लगातार सातवें वर्ष छठी मइया की आराधना की। उनकी माता अक्षत की वर्षा करती हुई और पिता पूजा सामग्री का डाला लेकर साथ चले। वहीं, 17 वर्षों से बंद घड़ीअर्वा पोखरी का डांसिंग फाउंटेन फिर शुरू होना भी आकर्षण रहा।

वीरगंज के घड़ीअर्वा, रानीघाट, नगवा, लछुमनवा और स्वीमिंग पुल सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मधेशी समुदाय के साथ नेवारी महिलाओं ने भी पारंपरिक विधि-विधान से व्रत किया। मेयर राजेशमान सिंह, पूर्व मेयर विजय सरावगी, सांसद हरि पंत, रामाकांत प्रसाद चौरसिया, टेक बहादुर शाक्य और रहबर अंसारी सहित जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

छठ के आयोजन में भारत और नेपाल की मिलती-जुलती परंपराएं एक बार फिर सामने आईं। बिहार की धरती से जुड़ा यह महापर्व नेपाल के तराई और पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक रूप से मनाया गया। घड़ीअर्वा पोखरी में उमड़ी भीड़, नेपाली सेना की सलामी और दोनों देशों के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने छठ को साझा विरासत और सांस्कृतिक आत्मीयता के उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!