
18 वर्षीय साक्षी के सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान, घटनास्थल से चाकू बरामद; पिता और दो भाइयों से पूछताछ, परिजनों के बयानों में अंतर से बढ़ा संदेह
रक्सौल, (vor desk)। हरैया थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड स्थित आईसीपी बाइपास के समीप एक मकान में गुरुवार देर रात 18 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी दिनेश साह की पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। घर के कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और युवती मृत अवस्था में मिली थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गौरी देवी अपने बड़े बेटे मोहित कुमार और छोटे बेटे सुमित कुमार के साथ हवाई अड्डा चौक स्थित मकान में रहकर किराना दुकान चलाती थीं। घटना के समय साक्षी घर में अकेली थी। घर लौटने पर परिजनों ने कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा और साक्षी को मृत पाया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद किया गया है, हालांकि शरीर पर चाकू से वार के निशान नहीं मिले हैं। कमरे में अलमारी और पेटी भी टूटी हुई अवस्था में मिली हैं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अज्ञात अपराधियों ने घर में लूटपाट के बाद साक्षी की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस को घटना की परिस्थितियां प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। पूछताछ के दौरान परिजनों के बयानों में भी अंतर सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता दिनेश साह और उसके भाइयों मोहित कुमार उर्फ सूरज कुमार तथा सुमित कुमार से पूछताछ शुरू की है।
पुलिस पारिवारिक विवाद समेत हत्या के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। ऑनर किलिंग की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं को अनुसंधान में शामिल किया गया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
