Saturday, November 14

नेपाल से गांजे की खेप लेकर पहुंचा तस्कर, लेने आया साथी भी गिरफ्तार

रामगढ़वा के सिसवनिया दुर्गा मंदिर के पास पुलिस की छापेमारी, 5 किलो नेपाली गांजा बरामद; रक्सौल और रामगढ़वा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

रामगढ़वा, (vor desk)। नेपाल से गांजे की तस्करी कर पूर्वी चंपारण में खपाने की कोशिश कर रहे दो लोगों को रामगढ़वा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार शाम गुप्त सूचना पर सिसवनिया स्थित दुर्गा मंदिर के समीप की गई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पास से 5 किलो नेपाली गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर संजीव मौआर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल से तस्करी कर गांजे की खेप माधोपुर कैनाल के रास्ते लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन कर सिसवनिया दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान गांजे की आपूर्ति करने और लेने पहुंचे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया निवासी राजकिशोर बैठा (पिता हीरा बैठा) और रक्सौल थाना क्षेत्र के चिकनी निवासी राम कुमार महतो (पिता अच्छेलाल महतो) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राम कुमार महतो गांजे की खेप लेकर राजकिशोर बैठा को आपूर्ति करने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

पुलिस ने बरामद 5 किलो गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!