
मेयर राजेशमान सिंह और कांग्रेस नेता मोहम्मद सहाबुद्दीन की पहल पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में छोड़ा; करीब 200 लोगों ने श्रीपुर पुलिस कार्यालय का किया था घेराव
रक्सौल, (vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के परसा जिले के वीरगंज महानगरपालिका-17 स्थित अलऊ की एक मस्जिद से हिरासत में लिए गए 6 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने रिहा कर दिया है। पर्यटक वीजा पर नेपाल आकर धार्मिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप में शुक्रवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।चर्चा है कि बाद में वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह और नेपाली कांग्रेस के नेता मोहम्मद सहाबुद्दीन की पहल तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उन्हें छोड़ दिया गया।बता दे कि यह इलाका पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल प्रखंड अंतर्गत पनटोका पंचायत से सटा हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की मौजूदगी और पुलिस कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के अधीन श्रीपुर बड़ा पुलिस कार्यालय से पहुंची पुलिस टीम ने मस्जिद में मौजूद 6 बांग्लादेशी नागरिकों को नियंत्रण में लेकर पूछताछ के लिए श्रीपुर पुलिस कार्यालय पहुंचाया। इसकी जानकारी मिलते ही करीब 200 स्थानीय लोगों का समूह पुलिस कार्यालय पहुंच गया और तत्काल रिहाई की मांग करते हुए घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेता मोहम्मद सहाबुद्दीन भी मौजूद थे। घेराव के दौरान समाचार संकलन के लिए पहुंचे पत्रकारों को भी रोकने और उनके काम में बाधा डालने की बात सामने आई है।
सूत्रों का दावा है कि पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर ही रही थी कि मेयर राजेशमान सिंह भी पुलिस कार्यालय पहुंचे। करीब 30 मिनट तक पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद मेयर वहां से निकले। इसके लगभग आधे घंटे बाद पुलिस ने सभी 6 बांग्लादेशी नागरिकों को स्थानीय लोगों की जिम्मेदारी पर रिहा कर दिया।

इस संबंध में वार्ड अध्यक्ष संजू छतकुली ने कहा कि उनके वार्ड की मस्जिद में धार्मिक गतिविधियां संचालित करने के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि को जानकारी दिए बिना विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार करना कानून के विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि विजिट वीजा पर आए नागरिकों को इस तरह हिरासत में नहीं लिया जाना चाहिए।
15 सदस्यीय दल हवाई मार्ग से आया था नेपाल**
पर्सा स्थित आव्रजन कार्यालय के अनुसार, हिरासत में लिए गए 6 नागरिकों सहित बांग्लादेश के 15 लोगों का समूह 13 अक्टूबर 2026 को हवाई मार्ग से नेपाल आया था। इस समूह ने 22 अक्टूबर 2026 को अपने वीजा की अवधि बढ़वाई थी। इस वीजा पर वीरगंज (पर्सा) स्थित आव्रजन कार्यालय से जारी होने का उल्लेख भी है।नेपाल के आव्रजन कानून के अनुसार, पर्यटक वीजा पर नेपाल आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए धार्मिक गतिविधियों, सभाओं, सम्मेलनों और धर्म प्रचार-प्रसार में शामिल होना प्रतिबंधित है।
वार्ड अध्यक्ष छतकुली के अनुसार, बांग्लादेशी दल का शनिवार से पर्सा जिले के सुगौली, अलऊ, अठराहा, हरपतगंज, कुहड़ी, उदयपुरघुमी सहित रौतहट जिले के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का कार्यक्रम निर्धारित था।
धार्मिक गतिविधियों को लेकर उठे सवाल
पिछले कुछ समय से विदेशी नागरिकों द्वारा पर्यटक वीजा का कथित दुरुपयोग कर नेपाल में धार्मिक गतिविधियां संचालित किए जाने की घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। सरोकारवालों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर सामाजिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका है। इस मामले में जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता डीएसपी चक्र मल्ल से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
इधर, मामला भारत-नेपाल सीमा के संवेदनशील क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया तंत्र भी सतर्क हैं। विदेशी नागरिकों के सीमावर्ती इलाके में आने, उनके ठहरने के उद्देश्य और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। घटना को लेकर पर्सा पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
