Friday, November 13

छठ बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने को रक्सौल स्टेशन पर बनेगा होल्डिंग सेंटर, डीआरएम ने लिया तैयारियों का जायजा

पेयजल और शौचालय समेत मिलेंगी जरूरी सुविधाएं, महिलाओं-बुजुर्गों की सहूलियत पर विशेष जोर; रक्सौल-पटना इंटरसिटी के जल्द परिचालन के मिले संकेत

रक्सौल।(Vor desk)। लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रक्सौल जंक्शन पर यात्री प्रबंधन और सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रक्सौल जंक्शन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्थायी होल्डिंग सेंटर के समीप पोर्टेबल शौचालय लगाने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ के दौरान यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने कहा कि छठ के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यस्थलों और दूसरे शहरों की ओर लौटते हैं। इससे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए रक्सौल स्टेशन परिसर में अस्थायी होल्डिंग सेंटर तैयार किया जा रहा है। यहां पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुरक्षित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना की भी हुई समीक्षा

डीआरएम ने स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की आवाजाही बाधित नहीं होने देने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।

रक्सौल-पटना इंटरसिटी पर जल्द फैसला होने की उम्मीद

रक्सौल से पटना के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा को शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं, जिनमें समय लगता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही रक्सौल से पटना के लिए नई इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है। इस संभावित रेल सेवा को लेकर लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे रक्सौल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में उम्मीद जगी है।

निरीक्षण के बाद डीआरएम विशेष निरीक्षण यान से घोड़ासहन के लिए रवाना हो गए, जहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था। मौके पर स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार, यातायात निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, आरपीएफ बल पोस्ट रक्सौल के प्रभारी निरीक्षक ऋतुराज कश्यप, जीआरपी थानाध्यक्ष संजीव कुमार, आईओडब्ल्यू श्रवण कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!