
वीरगंज में जेसीबी से मैत्री पुल तक सरिसवा नदी की सफाई, रक्सौल में घाटों पर कचरे और जहरीली गाद का अंबार; स्वच्छ जल में सूर्योपासना के दावे के बीच प्रदूषित पानी में अर्घ्य देने की मजबूरी
रक्सौल। (Vor Desk)। एक ही नदी, दो देश और प्रदूषण से निपटने की दो अलग-अलग तस्वीरें। भारत-नेपाल सीमा की जीवनरेखा कही जाने वाली सरिसवा नदी को लेकर नेपाल में प्रधानमंत्री स्तर पर गंभीरता दिख रही है। वहीं, बिहार के रक्सौल में इसी नदी के प्रदूषित पानी और रासायनिक कीचड़ के बीच लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी हो रही है। वीरगंज में जेसीबी लगाकर नदी के तल से गाद और गंदगी हटाई जा रही है, जबकि भारतीय क्षेत्र में नदी के घाटों के आसपास कचरे का अंबार और तल में जमा प्रदूषित कीचड़ छठव्रतियों की चिंता बढ़ा रहा है। विडंबना यह है कि जिस जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देना है, वही जल स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।

नेपाल में प्रधानमंत्री के निर्देश पर नदी सफाई का अभियान
यह नई तस्वीर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के निर्देश पर उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्रालय ने सरिसवा नदी के औद्योगिक प्रदूषण को नियंत्रित करने की पहल तेज होने के बाद की है। मंत्रालय के आशिष सुवेदी के नेतृत्व में टीम वीरगंज में कैंप कर रही है। करीब एक पखवाड़े से नदी की सफाई जारी है। जेसीबी के माध्यम से मैत्री पुल तक नदी के तल में जमा गाद और कीचड़ हटाया जा रहा है। अभियान के तहत नदी का बड़ा हिस्सा साफ किया जा चुका है। मंगलवार से नदी में अपेक्षाकृत साफ पानी का प्रवाह भी शुरू हुआ है।वीरगंज महानगर पालिका के मेयर राजेश मान सिंह जन भावना को देखते हुए संवेदनशील और गम्भीर है,ताकि,विपरीत छवि न बने।

इसको ले कर परसा और बारा जिला प्रशासन ने सुरक्षा निकायों तथा औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की थी। वीरगंज प्रशासन और महानगरपालिका भी सफाई अभियान में जुटे हैं। उद्योग विभाग ने 31 अक्टूबर को दोबारा आदेश जारी कर उद्योगों को बिना शोधन का अपशिष्ट जल नदी में नहीं छोड़ने तथा संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

इससे पहले एक नवंबर को प्रमुख जिला अधिकारी भोला दहाल की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में पांच सूत्री कार्ययोजना बनाई गई थी। इसके तहत उद्योगों के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) को 24 घंटे संचालित करने, छोटे और मझोले उद्योगों के लिए साझा शोधन केंद्र बनाने तथा नालों के पानी का वैकल्पिक निकास सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इससे पहले 21 जुलाई को प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले 12 उद्योगों पर प्रति उद्योग 10 लाख रुपये, कुल 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इनमें जगदंबा स्टील, हुलास स्टील, शिवशक्ति घी उद्योग, सुशील वनस्पति और अशोक स्टील सहित अन्य उद्योग शामिल हैं।

बिहार में नदी की सफाई पर सवाल, घाटों पर कचरे का अंबार
नेपाल की ओर सफाई अभियान का असर दिखने लगा है, लेकिन सीमा पार कर बिहार में प्रवेश करने के बाद सरिसवा नदी की स्थिति अब भी चिंताजनक है। रक्सौल के विभिन्न छठ घाटों के आसपास कचरा जमा है। नदी के तल में गाद, गंदगी और रासायनिक अपशिष्टयुक्त कीचड़ मौजूद है।जलचर मर चुके है। तट पर रहने वाले लोग विभिन्न बीमारियों के शिकार हो रहे है,दर्जनों लोगों की कैंसर,लिवर सिरोसिस जैसी बीमारियों से मौत हो चुकी है। स्थानीय स्तर पर नदी में कूड़ा-कचरा फेंके जाने और नगर परिषद की कचरा निस्तारण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नदी की बदहाली के लिए केवल नेपाल से आने वाले औद्योगिक अपशिष्ट को जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त नहीं है।नेपाल तो गम्भीर आरोपित है ही, भारतीय क्षेत्र में भी कचरा प्रबंधन और नदी संरक्षण की जवाबदेही तय करना जरूरी है।

इस स्थिति में छठव्रतियों को इसी पानी में उतरकर स्नान करने और सूर्य को अर्घ्य देने की विवशता हो सकती है। छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, प्रकृति और जल के प्रति आस्था का भी पर्व है। ऐसे में पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाले जल की गुणवत्ता की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है।
आस्था के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी जरूरी
पर्यावरण विशेषज्ञों की चिंता है कि नदी में जमा रासायनिक अपशिष्ट और दूषित गाद जलीय पारिस्थितिकी के साथ मानव स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकते हैं। प्रदूषित पानी में लंबे समय तक खड़े रहने, स्नान करने अथवा अनजाने में पानी निगलने से त्वचा संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, सरिसवा नदी के पानी में मौजूद रासायनिक तत्वों और उनके स्वास्थ्य प्रभावों की वास्तविक स्थिति जल नमूनों की प्रयोगशाला जांच से ही स्पष्ट होगी।हालाकि,ऐसी पहल कई बार हुई है।इसी के बाद नमामि गंगे प्रोजेक्ट से इस नदी को जोड़ा गया एसटीपी प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है।हालाकि यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। ऐसे में प्रशासन को केवल सफाई ही नहीं, बल्कि पानी की गुणवत्ता की तत्काल जांच भी करानी चाहिए।

जेसीबी से सफाई और जल जांच की मांग
सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन के महासचिव प्रो. मनीष दुबे ने रक्सौल प्रशासन से नदी के तल में जमा गाद और गंदगी को जेसीबी से हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि नेपाल की तर्ज पर भारतीय क्षेत्र में भी नदी सफाई का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि छठव्रतियों को प्रदूषित पानी में पूजा करने की विवशता न हो।
सवाल यह है कि जब सीमा के उस पार नदी को साफ करने के लिए सरकारी स्तर पर मशीनें उतारी जा सकती हैं, तो बिहार की ओर उसी नदी को स्वच्छ बनाने के लिए प्रभावी पहल क्यों नहीं हो रही? छठ से पहले नदी और घाटों की सफाई, जल की गुणवत्ता की जांच तथा प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण अब केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था और स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल बन गया है।
क्या कहते है अधिकारी
रक्सौल नगर परिषद के स्वच्छता अधिकारी कन्हैया यादव ने बताया कि छठ घाटों की सफाई जारी है।घाटों पर स्टेप बनाया जा रहा है,किनारो की भी सफाई की जाएगी। सरिसवा नदी में स्वच्छ जल प्रवाहित करने के लिए नेपाल प्रशासन से पहल की गई है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद अपने स्तर से इसमें जुटी हुई है,लेकिन,आम नागरिकों भी अपनी जिम्मेवारी समझनी होगी।नदी नहर या उसके किनारे कूड़ा कचरा फेंकने से बचना चाहिए।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
