
मिट्टी की खुदाई के दौरान हुआ हादसा, मलबे में दबकर गई 18 वर्षीय अनमोल की जान; तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था मृतक
आदापुर (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। छठ पर्व की तैयारियों के बीच मिट्टी की खुदाई एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। नकरदेई थाना क्षेत्र के कटगेनवा भवानीपुर बाजार के समीप छठ पर्व से पहले मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का भारी टीला ढह गया। इसकी चपेट में आने से 18 वर्षीय इंटरमीडिएट के छात्र अनमोल कुमार की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, छठ पर्व को लेकर ग्रामीण सड़क किनारे से पारंपरिक कार्यों के लिए मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। वहां मौजूद कटगेनवा गांव निवासी अनमोल कुमार इसकी चपेट में आकर मलबे के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल बचाव कार्य में जुट गए और काफी मशक्कत के बाद उसे मिट्टी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पढ़ाई में मेधावी अनमोल की असामयिक मौत से गांव में मातम पसरा है।
तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था अनमोल
अनमोल अपने माता-पिता की तीन बेटियों के बीच इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से मां सुनीता देवी और पिता बड़ाबाबू कुशवाहा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।
घटना पर जेडीयू नेता सह पूर्व मंत्री वीरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, जद यू नेता किशोरी पटेल, राजद नेता सुनील कुशवाहा,समाजसेवी मुन्ना मिश्रा सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
