Friday, November 13

छठ घाटों पर तैयारी अधूरी, गंदगी और जर्जर सीढ़ियां बनीं चुनौती

घाटों पर सफाई, मिट्टी भराई और प्रकाश व्यवस्था का काम जारी, प्रमुख घाटों को जल्द तैयार करने का निर्देश

रक्सौल।(Vor desk)। छठ पर्व नजदीक है, लेकिन रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के कई प्रमुख घाटों पर तैयारियां अब भी अधूरी हैं। सबसे प्रमुख आश्रम रोड छठ घाट पर सफाई पूरी नहीं हुई है। नदी के पूर्वी हिस्से में बने घाट की सीढ़ियां जर्जर हैं, जबकि श्री सोप्ता की स्थिति भी अव्यवस्थित है। सरिसवा नदी किनारे कई घाटों पर कचरा जमा है। नदी में गाद और कीचड़ के कारण व्रतियों को अर्घ्य देने में परेशानी की आशंका है।

कौड़ीहार चौक पर पार्षद सोनू गुप्ता की देखरेख में चार घाटों का निर्माण चल रहा है। यहां नहर में गंदगी और पानी की कमी भी चुनौती बनी हुई है। प्रसिद्ध सूर्य मंदिर परिसर स्थित घाट पर भी स्थिति बेहतर नहीं है, हालांकि पंडाल, प्रकाश और पूजा की तैयारियां जारी हैं।

इधर, कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के निर्देश पर शहर के करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े घाटों पर सफाई, मिट्टी भराई, सीढ़ी निर्माण, चेंजिंग रूम और प्रकाश व्यवस्था के कार्य कराए जा रहे हैं। पूजा समितियों को आर्थिक सहयोग भी दिया जा रहा है।

बुधवार को कार्यवाहक सभापति के पति सह प्रतिनिधि राकेश कुशवाहा, सिटी मैनेजर अविनाश कुमार राव और स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया यादव ने विभिन्न वार्डों में घाटों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। अधिकारियों के अनुसार आश्रम रोड, बाबा मठिया, भकुवाब्रह्म बाबा, चेक पोस्ट, त्रिलोकीनाथ मंदिर और कौड़ीहार सहित प्रमुख घाटों पर सफाई अंतिम चरण में है। शेष व्यवस्थाएं भी जल्द पूरी करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!