Friday, November 6

बिना ड्रग लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापा, 43 तरह की दवाइयां जब्त

सहयोग पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद औषधि विभाग की कार्रवाई, पलनवा थाना क्षेत्र के मनीष कुमार की हुई पहचान

रामगढ़वा।(Vor desk)। बिना वैध ड्रग लाइसेंस के दवा दुकान संचालित करने के मामले में औषधि विभाग की विशेष टीम ने रामगढ़वा में औचक छापेमारी की। इस दौरान दुकान से 43 प्रकार की दवाइयां बरामद कर जब्त की गईं। राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

औषधि निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने रामगढ़वा क्षेत्र में छापेमारी की। टीम में नारायण चौधरी, विवेक कुमार, सागर सोनी और विनिता कुमारी शामिल थे। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित स्थान पर बिना किसी वैध अनुमति और औषधि अनुज्ञप्ति के मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा है। जांच के दौरान दुकान के संचालक के पास वैध ड्रग लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद टीम ने दुकान में उपलब्ध 43 प्रकार की दवाइयों की सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया।

दुकान संचालक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। वह विनोद यादव का पुत्र है। उसका स्थायी पता रामदेव चौक, वार्ड संख्या-11, सिद्धापुर, भरवलिया पोखरिया, थाना पलनवा, प्रखंड रामगढ़वा, जिला पूर्वी चंपारण बताया गया है।

औषधि निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि बरामद दवाइयों के संबंध में आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित संचालक के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस दवाओं का कारोबार करना दंडनीय है। आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में अवैध दवा दुकानों के विरुद्ध आगे भी जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!