
तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को कुचला, बचने की कोशिश में आधा दर्जन से अधिक लोग गिरे; स्थानीय लोगों और एसएसबी जवानों ने घेरकर रोका वाहन
रक्सौल। (Vor Desk)। शहर के डंकन रोड में शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे लोगों की जान सांसत में डाल दी। नेपाल की ओर से आ रही मारुति सुजुकी कार (BR 05 AJ 9489) इतनी तेज गति से डंकन अस्पताल की ओर बढ़ रही थी कि राहगीरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कार की चपेट में आने और उससे बचने की कोशिश में सड़क पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग इधर-उधर गिरकर आंशिक रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि समय रहते वाहन रोक लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

डंकन अस्पताल के पुराने गेट पर घेरकर रोकी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू कार की रफ्तार देखकर सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों के साथ मिलकर वाहन को रोकने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद डंकन अस्पताल के पुराने गेट के समीप कार को घेरकर रोक लिया गया। लोगों की तत्परता से चालक मौके से भाग नहीं सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हरैया पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चालक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
नशे में था चालक या कार में आई थी खराबी?
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चालक ने शराब पी रखी थी या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी। घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई है। पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
घटना ने शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते वाहनों और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले डंकन रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती जरूरी है। सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा?
