
नेपाल ऑयल निगम डिपो के पास टैंकर से भिड़ी ईवी हाइस, पीछे से मोटरसाइकिल भी टकराई; सभी घायलों की हालत सामान्य
रक्सौल। (Vor Desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बारा जिले में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में 10 लोग घायल हो गए। जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका-21 स्थित अमलेखगंज में नेपाल ऑयल निगम के डिपो के समीप डीजल टैंकर, ईवी हाइस और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। घायलों में पूर्वी चंपारण के 70 वर्षीय नवल किशोर साह भी शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, सभी की स्थिति सामान्य है।
पहले टैंकर से भिड़ी हाइस, फिर पीछे से टकराई बाइक
जिला प्रहरी कार्यालय बारा के अनुसार, अमलेखगंज से जनकपुर की ओर जा रहे डीजल टैंकर (ना. 4 ख 2349) और वीरगंज से हेटौंडा की ओर जा रही ईवी हाइस (ग. 2 ख 1993) के बीच टक्कर हुई। इसी दौरान हाइस के पीछे चल रही धरान से हेटौंडा की ओर जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी उससे भिड़ गई। हादसे में तीनों वाहनों के सवार घायल हुए।
भारत और नेपाल के कई जिलों के लोग घायल
घायलों में टैंकर चालक चेतनाथ खरेल (50), निवासी जीतपुरसिमरा-16, पिलुवा तथा ईवी हाइस चालक आशीष मल्ल (38), निवासी पोखरा-5 शामिल हैं। इनके अलावा वीरगंज-2 की समीना खातून (45) और उनकी करीब 25 वर्षीय बेटी सकिना खातून, जीतपुरसिमरा की आशिका श्रेष्ठ (22), पोखरा-18 सारांगकोट के मनोज थापा क्षेत्री (43) तथा पूर्वी चंपारण के नवल किशोर साह (70) घायल हुए हैं।
अन्य घायलों में परसौनी गांवपालिका-2 के कुनिल पंडित कुम्हार (24), पश्चिम बंगाल के हुगली की साबनी दास (26) और मोटरसाइकिल चालक धरान-16 के सरोज गुभाजु (24) शामिल हैं।
दो अस्पतालों में चल रहा इलाज
इलाका प्रहरी कार्यालय अमलेखगंज के वरिष्ठ नायब निरीक्षक प्रकाश कुमार खत्री के अनुसार, घायलों का उपचार अमलेखगंज स्थित अक्कल बहादुर कार्की मेडिकल और नोवाकेयर में कराया जा रहा है। सभी की हालत सामान्य है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
