
नेपाल पुलिस से भी साधा गया संपर्क, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल थाना क्षेत्र के वार्ड 7अहिरवा टोला गांव के समीप सोमवार सुबह सरिसवा नदी के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 32 वर्षीय युवक की पहचान नहीं हो सकी है।मृतक ब्लू टी शर्ट और काला पैंट पहना था।उसके एक पैर में जूता था,दूसरे में जूता नदारद था।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान युवक की जेब से नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
बाजार जा रहे लोगों की पड़ी नजर
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ स्थानीय लोग बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद लोगों ने रक्सौल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पहचान के लिए नेपाल पुलिस से संपर्क
रक्सौल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार महतो ने बताया कि मृतक की तलाशी में उसकी जेब से नशीली दवा और इंजेक्शन मिले हैं। हालांकि, इनकी बरामदगी के आधार पर मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। युवक की वास्तविक पहचान और मौत की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक की शक्ल-सूरत नेपाली नागरिक जैसी प्रतीत हो रही है, लेकिन उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं हुई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों के साथ नेपाल पुलिस को भी उसकी तस्वीर भेजी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
