Monday, October 19

महानवमी पर 40 कन्याओं का पूजन, पाठ्य सामग्री व उपहार देकर किया सम्मानित

बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सामाजिक व्यवहार में भी दिखे : मेनका गुप्ता

रक्सौल।(Vor desk)। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल की ओर से सोमवार को कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण कॉम्प्लेक्स में कन्या पूजन, कन्या सम्मान एवं संस्कार समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 40 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन प्रसाद, शैक्षणिक पाठ्य सामग्री, श्रीफल (नारियल) और उपयोगी उपहार भेंट किए गए।

महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कन्याओं के चरण पखारकर पूजन एवं श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की आराधना और आरती के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया।

शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, संस्कार और समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं मेनका गुप्ता ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन का महत्व तभी सार्थक होगा, जब बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक व्यवहार में भी दिखे। कन्या भ्रूण हत्या, यौन शोषण और दहेज उत्पीड़न जैसी कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा, “बेटी बचाएंगे, तभी सृष्टि बचेगी; बेटियां हैं तो कल है।”

परिषद के संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह एवं संगठन सचिव अजय कुमार ने बताया कि विद्या विकास अभियान के तहत अनुमंडल के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की छात्राओं के बीच पाठ्य सामग्री वितरित की गई है। वहीं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ एवं विजय कुमार साह ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत पीएचसी के सहयोग से शहर के विद्यालयों, विशेषकर सरकारी विद्यालयों में नि:शुल्क एनीमिया जांच शिविर लगाने की तैयारी है। इनमें जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार दवा उपलब्ध कराने की पहल होगी।

पूजन में शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, सीमा गुप्ता, किरण जायसवाल, मेनका गुप्ता, पूनम सर्राफ, डॉ. अदिति गुप्ता एवं शाम्भवी जायसवाल शामिल रहीं। कार्यक्रम में प्रशांत कुमार, अरविंद जायसवाल, सुरेश धानोठिया, विनोद कुमार, दिनेश प्रसाद सहित परिषद के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया। इसकी जानकारी सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!