
लाला छपरा-मटियारवा बॉर्डर पर एसएसबी व पुलिस अधिकारियों से की चर्चा, ग्रामीणों से संवाद कर जानीं समस्याएं; रक्सौल थाने में मेस की व्यवस्था भी परखी
रक्सौल।(Vor desk)। दीपावली और छठ पर्व को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, जांच और निगरानी के बीच पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार की देर शाम सीमावर्ती लाला छपरा-मटियारवा बॉर्डर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों से क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी ली। एसपी ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बॉर्डर पहुंचने से पहले एसपी ने छौडादानों थाने का निरीक्षण किया। इसके बाद रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद के साथ सीमावर्ती इलाके में पहुंचे। इसके बाद रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद के साथ वे लाला छपरा-मटियारवा बॉर्डर पहुंचे। यहां बेलदरवा एसएसबी कैंप के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अखिलेश कुमार और आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी से मुलाकात कर सीमा की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में हो रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।

ग्रामीणों से संवाद, डायल 112 के प्रति किया जागरूक
निरीक्षण के दौरान एसपी ने भारतीय और नेपाली क्षेत्र के ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता बताई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

एसपी ने बच्चों की शिक्षा पर भी जोर देते हुए अभिभावकों से उनकी पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े मामलों पर स्थानीय लोगों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता बताई। मौके पर स्थानीय गणमान्य नागरिकों के साथ एसएसबी के अधिकारी-जवान और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

रक्सौल थाने में सुरक्षा से लेकर भोजन की गुणवत्ता तक की जांच
सीमावर्ती क्षेत्र के दौरे से लौटने के क्रम में एसपी स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इंस्पेक्टर रमेश महतो को सतर्कता बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने थाने में संचालित पुलिस मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने मेस में साफ-सफाई बनाए रखने और पुलिसकर्मियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी जवानों के साथ मेस में बैठकर भोजन करते भी नजर आए।
दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्वों के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का जायजा लेने के लिहाज से एसपी का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
