Monday, September 21

रक्सौल एंबेसी हनुमान मंदिर चोरी मामला: नेपाल स्थित भारतीय दूतावास व महावाणिज्य दूतावास ने लिया संज्ञान, जांच में जुटी एसएसबी की डॉग स्क्वायड

  • विदेशी मामलों से जुड़े संवेदनशील क्षेत्र में चोरी से विदेश मंत्रालय और प्रशासन में खलबली
  • मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने दल-बल के साथ की जांच
  • एसएसबी की डॉग स्क्वायड टीम ने मंदिर परिसर खंगाला, फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

रक्सौल ।(Vor desk)। भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित रक्सौल के एंबेसी (राजदंडी) परिसर स्थित ऐतिहासिक दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी का मामला अब काफी तूल पकड़ गया है। विदेश मंत्रालय के अधीन आने वाले अति-संवेदनशील भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसदन क्षेत्र के अंदर घटित इस वारदात को नेपाल स्थित भारतीय दूतावास (काठमांडू) और वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक्शन में पुलिस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए कड़ी जांच का निर्देश दिया है। एसपी के निर्देश पर रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो खुद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मंदिर परिसर का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

एसएसबी की डॉग स्क्वायड टीम ने संभाला मोर्चा मामले के अंतरराष्ट्रीय और कूटनीतिक पहलुओं को देखते हुए सीमा पर तैनात सीमा सशस्त्र बल (SSB) की डॉग स्क्वायड टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। एसएसबी के श्वान दस्ते ने मंदिर गर्भगृह, कस्टम कॉलोनी और आसपास की सीमाओं पर संदिग्ध रास्तों की सघन तलाशी ली ताकि चोरों के भागने की दिशा और सुराग का पता लगाया जा सके।

कूटनीतिक गलियारों से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक खलबली उल्लेखनीय है कि रविवार की रात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर हनुमान जी का चांदी का शीश मुकुट, गदा, चरण पादुका, दानपेटी में रखे हजारों रुपये तथा राम दरबार से भगवान राम व माता सीता का मुकुट चुरा लिया था। सोमवार सुबह पुजारी पंडित अजय कुमार जब पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ।

कस्टम ऑफिस, कस्टम कॉलोनी और भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सुरक्षा घेरे में स्थित मंदिर में चोरी होना सुरक्षा तंत्र पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। रक्सौल में आबकारी हनुमान मंदिर और श्रीराम-जानकी मंदिर के बाद अब इस सिद्धपीठ में हुई दुस्साहसिक वारदात से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।

जल्द खुलासे का दावा रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।(रिपोर्ट: राजेश केशरीवाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!