Saturday, September 5

रामगढ़वा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्विफ्ट डिजायर कार से 15 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

रक्सौल (vor desk)।

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़वा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेमरा चौक के पास नाकेबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से 15 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार चला रहे तस्कर को भी रंगे हाथ धर दबोचा।

बैरिकेडिंग देखकर पुलिस ने घेरा

जानकारी के मुताबिक, रामगढ़वा पुलिस को गुरुवार की देर रात सूचना मिली थी कि चार पहिया वाहन से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सेमरा चौक के पास अचानक वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR32X4198) को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 15 किलो गांजा बरामद हुआ।

घोड़ासहन का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर

मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोतिहारी जिले के घोड़ासहन थाना अंतर्गत बाकुलिया गांव निवासी अमलेश्वर सिंह के पुत्र सावन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे की खेप के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। इस अवैध धंधे से जुड़े मुख्य सरगना और पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!