Saturday, September 5

बीरगंज के होटलों में पुलिस की दबिश: संचालिका समेत आठ गिरफ्तार, चार भारतीय भी धरे गए

रक्सौल (vor desk)।

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बीरगंज महानगरपालिका-16 इनर्वा भन्सार क्षेत्र के होटलों में फल-फूल रहे देह व्यापार के अवैध नेटवर्क पर नेपाल पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर वड़ा पुलिस कार्यालय बीर्ता के पुलिस निरीक्षक विक्रम सुवेदी के नेतृत्व में गई विशेष टीम ने ‘अभिषेक होटल’ और ‘बेदामी होटल’ में एक साथ छापेमारी कर होटल संचालिका और पांच महिलाओं समेत कुल आठ लोगों को मौके से रंगे हाथ दबोच लिया। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में चार भारतीय नागरिक (दो महिलाएं व दो पुरुष) भी शामिल हैं।

​सीमा पार बीरगंज के इनर्वा भन्सार क्षेत्र में मुख्य मार्ग और सीमा चौकी के ठीक समीप संचालित इन होटलों में लंबे समय से संदिग्ध व अनैतिक गतिविधियां चलने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बुधवार दोपहर जब छापेमारी की तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

​पुलिस द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार अभिषेक होटल से बीरगंज-15 निवासी होटल संचालिका निभा देवी (53), बिर्तामोड़ (झापा) मूल की देनिका पौडेल (25), पर्सा पोखरिया के नरेश महरा (35) के अलावा बिहार निवासी अक्षय सिंह (20) व पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो निवासी दिलीप कुमार साह (18) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं बेदामी होटल से छौड़ादानो (पूर्वी चंपारण) निवासी रूठा देवी (37) व सुजीता यादव (35) तथा बरियारपुर (बारा) निवासी हसरा खातून (22)को हिरासत में लिया गया है।(सभी महिलाओं के नाम काल्पनिक हैं)

​वड़ा पुलिस कार्यालय बीर्ता के अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती इलाके में अनैतिक देह व्यापार और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान चलाया गया है। सभी आठों आरोपियों को हिरासत में रखकर सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!