Saturday, September 5

आदापुर में एसएसबी व पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यूएसए मेड पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी साजिश

रक्सौल (vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक साजिश के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। रक्सौल-घोड़ासहन नहर पथ पर धबधबवा गांव के समीप चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अत्याधुनिक यूएसए (USA) निर्मित विदेशी पिस्टल के साथ एक युवक को दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

भागने की कोशिश में सड़क पर गिरा आरोपी मिली जानकारी के अनुसार आदापुर पुलिस और एसएसबी की 47वीं वाहिनी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नहर पथ के रास्ते किसी अवैध हथियार की खेप या संदिग्ध गतिविधि होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी जवानों ने धबधबवा गांव के समीप घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहा अभिषेक कुमार पुलिस बल को देखते ही बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। तेजी से भागने के चक्कर में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर दबोच लिया।

जांच में विदेशी पिस्टल बरामद, तस्करी और आपराधिक एंगल से जांच शुरू जवानों द्वारा जब पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से यूएसए निर्मित एक स्वचालित विदेशी पिस्टल बरामद हुई। आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी ने बताया कि विदेशी पिस्टल के साथ पकड़ाया युवक किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने या फिर हथियार की खरीद-बिक्री के सिलसिले में सीमावर्ती इलाके में आया था।

पुलिस ने मौके से विदेशी पिस्टल और प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। आदापुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार को न्यायिक हिरासत में मोतिहारी जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह विदेशी हथियार कहां से लाया गया था और इसका मुख्य सप्लायर कौन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!