
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।उत्तराखंड में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी (FIR) के विरोध में मंगलवार को पूर्वी चंपारण के रक्सौल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मोतिहारी जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रक्सौल प्रखंड अध्यक्ष बिकेश चंद्रवंशी की अध्यक्षता में शहर के चौधरी चरण सिंह गोलंबर चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेसियों ने सांकेतिक मार्च निकाला और केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
आरएसएस और भाजपा की मानसिकता पर उठाए सवाल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मोतिहारी जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल ने केंद्र सरकार और उत्तराखंड पुलिस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रैली स्थल पर भाजपा व आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा किए गए कथित जातिवादी कृत्य का विरोध करने पर उत्तराखंड पुलिस ने द्वेषपूर्ण भावना से राहुल गांधी पर गलत FIR दर्ज की है।
जिलाध्यक्ष ने मांग की कि राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को तुरंत रद्द किया जाए और घटना के जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि देश में आज तानाशाही माहौल है। राहुल गांधी के थाने जाने के घंटों बाद मामला दर्ज होना यह दर्शाता है कि पुलिस निष्पक्ष काम न करके नागपुर स्थित आरएसएस कार्यालय के इशारे पर संचालित हो रही है।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने पर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस विरोध प्रदर्शन के दौरान रक्सौल कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नूर मोहम्मद ने उत्तराखंड के हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि देश के वरिष्ठ दलित नेता और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ जो व्यवहार किया गया, वह भाजपा और आरएसएस की कुंठित मानसिकता व सामाजिक बंटवारे की राजनीति को उजागर करता है। वहीं, नगर अध्यक्ष छोटेलाल चौरसिया ने चेताया कि जब-जब देश में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास होगा, तब-तब कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर ईंट से ईंट बजा देगा।
कार्यक्रम में ये प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद इस विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में युवा नेता अफरोज आलम, प्रखंड उपाध्यक्ष ईश्वर चंद्र प्रसाद, प्रखंड महासचिव जावेद अंसारी, शत्रुघ्न चंद्रवंशी, राहुल कुमार, महेश कुमार, आदिल राजा, एहसान खान, मनीष कुमार, उमेश कुमार, सन्नी कुमार, मनोज कुमार, गणेश कुमार, महेंद्र राम, सुरेश कुमार और प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
