
रक्सौल (पूर्वी चम्पारण)।(Vor desk)।
नेपाल से सीमा पार कराकर मादक पदार्थों की तस्करी करने के एक बड़े प्रयास को नाकाम करते हुए रक्सौल थाना पुलिस ने लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट बाईपास (NH-28A) के समीप छापेमारी कर दो तस्करों को रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक मोटरसाइकिल और उसकी सीट के नीचे बेहद चालाकी से छुपाकर रखा गया लगभग 07 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर रक्सौल पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो व्यक्ति नेपाल से ग्राम सिसवा होते हुए बाइक की सीट के अंदर गांजा छुपाकर लक्ष्मीपुर बाईपास के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के पास नाकेबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बाइक की सीट के नीचे से गांजे की खेप बरामद हुई, जिसके बाद मौके से ही दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए अभियुक्तों में पूर्वी चम्पारण जिले के दरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखलहिया गांव निवासी स्वर्गीय भगवान महतो कुशवाहा का पुत्र चंदेश्वर प्रसाद कुशवाहा तथा नेपाल के परसा जिला अंतर्गत पोखरिया थाना क्षेत्र के विश्रामपुर निवासी स्वर्गीय काली राउत का पुत्र मदन राउत शामिल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तस्करी के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों का सुराग लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
