
रक्सौल।(Vor desk)। प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेनुवारिया की प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार, 31 अगस्त को विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान सहकर्मियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके लंबे सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया।
समारोह में बिहार टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, रक्सौल के अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने किरण कुमारी को दुशाला ओढ़ाकर एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया। उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया।


इस अवसर पर भावुक होते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी ने कहा कि विद्यालय और शिक्षक परिवार से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और सम्मान को वह जीवनभर याद रखेंगी। उन्होंने अपने सहकर्मियों, विभागीय पदाधिकारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान सभी से मिले सहयोग के कारण ही वह अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा और समाज के प्रति उनका लगाव बना रहेगा।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो सकता है, लेकिन उसके अनुभव, संस्कार और शिक्षा का समाज पर प्रभाव हमेशा बना रहता है। वक्ताओं ने किरण कुमारी के स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।
मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्राण रंजन प्रसाद के अलावा छोटेलाल राय, बैकुंठ बिहारी सिंह, गोपाल प्रसाद, नीलिमा कुमारी, संजय कुमार, सुभाष सोनकर, अरविंद सिंह, धीरेन्द्र कुमार, आशीष कुमार, वेद प्रकाश, रामबाबू पासवान, नुरैन आलम, मुनाफ अंसारी, राघवेंद्र मिश्रा एवं सुनीता सिंह सहित रक्सौल के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं उपस्थित शिक्षकों ने किरण कुमारी को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता की मंगलकामना की।
