
मोतिहारी/रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हरपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार की खरीद-बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हरपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ग्राम बरवा के रास्ते गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और बरवा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के भेड़ियारी गांव निवासी मुकेश कुमार (पिता- सिकंदर साह), जिला- पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 01 देसी कट्टा, 01 मोबाइल और 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
हरपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ शुरू कर दी है।
