
मोतिहारी/सुगौली (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। सुगौली थाना पुलिस और एसटीएफ (STF) नार्कोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के पास से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो और चार मोबाइल भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को एसटीएफ के नार्कोटिक्स सेल से गुप्त सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR22BQ2550) में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर बेटिया से छपवा होते हुए सुगौली की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने रक्सौल-छपवा मार्ग पर विक्रम इंजीनियरिंग के समीप घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर ली गई तलाशी में 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और मौके से वाहन सवार चार तस्करों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना क्षेत्र के पिपरिया निवासी रामप्रवेश यादव उर्फ मनोज यादव (पिता- स्व० गिरधारी प्रसाद यादव), रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पंचभिडिया निवासी सुमन यादव (पिता- श्यामसुन्दर यादव) व छविला यादव (पिता- स्व० लखिचन्द्र यादव) और पश्चिमी चंपारण के कंगली थाना क्षेत्र के सुगहा भवानीपुर निवासी सिपाही महतो (पिता- रामरूप महतो) शामिल हैं।
छापेमारी टीम में सदर-01 एसडीपीओ दिलीप कुमार, सुगौली अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, सुगौली थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अनिश कुमार, पु०अ०नि० मदन मोहन यादव, सुगौली थाना के सशस्त्र बल और मोतिहारी एसटीएफ नार्कोटिक्स की टीम शामिल रही। पुलिस ने सुगौली थाना में कांड संख्या 437/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
